हिन्दू युवा मंच के दुर्ग में प्रदर्शन से पहले पुलिस ने बंद कराया बाजार, चार नेता गिरफ्तार कर छोडे़ गए, भारी फोर्स के चलते शांतिपूर्ण ढंग से निपट गया कार्यक्रम

हिन्दू युवा मंच के दुर्ग में प्रदर्शन से पहले पुलिस ने बंद कराया बाजार, चार नेता गिरफ्तार कर छोडे़ गए, भारी फोर्स के चलते शांतिपूर्ण ढंग से निपट गया कार्यक्रम


हिन्दू युवा मंच के दुर्ग में प्रदर्शन से पहले पुलिस ने बंद कराया बाजार, चार नेता गिरफ्तार कर छोडे़ गए, भारी फोर्स के चलते शांतिपूर्ण ढंग से निपट गया कार्यक्रम

भिलाई नगर, 8 अक्टूबर। कवर्धा में हुए साम्प्रदायिक दंगों को लेकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर विश्व हिंदू युवा मंच के समर्थकों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपा। हालांकि प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने माहौल को शांतिमय रखने जिले को छावनी में जरूर तब्दील कर रखा था क्योंकि ज्ञापन से पहले ही मंच के लोगों ने पुलिस को सूचित किया था कि वह लोग तीन सौ की संख्या में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे और उसके बाद ज्ञापन सौंपेंगे। जिसके चलते एसपी और कलेक्टर के निर्देश पर अतिरिक्त फोर्स लगा कर चाक चौबंद व्यवस्था भी ऐहतियात के तौर पर जिला मुख्यालय में की गयी थी। पुलिस ने एकता द्वार से लेकर होटल शीला तक सभी दुकानें बंद करवायीं और बैरिकेड्स से पूरे रास्ते को बंद कर दिया गया। लेकिन कल तय समय पर 4 बजे हिंदू युवा मंच के सदस्य 70-80 की संख्या में ही पहुंचे। मंच के नेताओं ने स्पष्ट किया कि उन्होंने पुलिस को शांतिपूर्वक विरोध-प्रदर्शन करने और ज्ञापन देने की सूचना दी थी लेकिन पुलिस ने उनके चार प्रमुख नेताओं को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। इसे लेकर सभी समर्थकों ने पुलिस व जिला प्रशासन सहित सरकार विरोधी नारे लगाए। पुलिस से उनके सभी नेताओं को छोड़ने की भी मांग की। इस दौरान करीब एक से डेढ़ घंटे तक एकता द्वार के पास नारेबाजी की गई। इसके बाद उन्होंने एडिशनल एसपी सिटी को ज्ञापन सौंपा और वापस लौट गए। प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की कोई अनहोनी न हो इसके लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए थे लगभग तीन सौ पुलिस फोर्स के साथ ही ड्रोन कैमरे से निगरानी कराई गई ताकि प्रदर्शन के दौरान कोई भी किसी तरह की गैर कानूनी प्रतिक्रिया करता तो फुटेज के आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती। सीएसपी दुर्ग ने प्रदर्शन के बाद कहा कि वह किसी भी हालत में दुर्ग की कानून व्यवस्था नहीं बिगड़ने देना चाहते इसीलिए ऐहतियातन सभी दुकानें और रास्ते बंद कर दिए गए थे। अनहोनी को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल को भी लगाया गया।

गौरतलब हो कि प्रदर्शन के दौरान सह संयोजक जन समस्या निवारण हिन्दू युवा मंच राकेश तिवारी ने बताया कि हिंदू सेना की अधिक भीड़ न होने पाए इसे देखते हुए पुलिस ने उनके प्रमुख नेताओं को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। उनकी योजना थी कि मंच के लोग गणेश मंदिर के पास से प्रदर्शन करते हुए एकता द्वार तक जाएंगे और वहां ज्ञापन सौपेंगे। पुलिस ने कल सुबह 10 बजे मंच के प्रदेश संयोजक गोविंद नायडू, वरिष्ठ कार्यकर्ता अरुण सिंह, प्रदेश महामंत्री राजेश शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष श्रीकुमार नायर को गणेश मंदिर के पास बुलाया। उनसे कहा गया कि वह लोग उनकी कार्य योजना को समझना चाहते हैं। जब नेता वहां पहुंचे तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इसके चलते प्रदर्शन के दौरान भीड़ 100 की संख्या भी पार नहीं कर पाई। शाम को प्रदर्शन पश्चात जानकारी मिली की पुलिस ने हिन्दू युवा मंच के गिरफ्तार किए गए चारों नेताओं को छोड़ दिया है।