🛑 सवा 2 सौ लोगों पर की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
सीजी न्यूज आनलाईन, 30 जनवरी। छत्तीसगढ़ में होने वाले नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है। रायपुर पुलिस ने आज जिले के अलग-अलग इलाकों में रहने वाले ढाई हजार से अधिक लोगों उठाकर पुलिस लाइन लेकर आई और पूछताछ की।

आपको बता दें कि ज्यादातर लोग दूसरे राज्य के रहने वाले हैं। अमूमन पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड जैसे राज्यों के इन लोगों का पुलिस ने आधार कार्ड और वेरिफिकेशन किया है। इनमें से 224 लोगों के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है क्योंकि पूछताछ में इनकी गतिविधि संदिग्ध मिली है। सभी से एक-एक कर पूछताछ की गई। उनके रायपुर में रहने, काम करने और बाकी गतिविधि को लेकर पूछताछ की गई। साथ ही लोगों से वेरिफिकेशन फॉर्म भरवाया गया। कुछ लोगों ने पूछताछ के दौरान स्पष्ट जवाब नहीं दिया। साथ ही कुछ लोगों के आधार कार्ड भी संदिग्ध लगे हैं, ऐसे लोगों को आईडेंटिफाई किया गया है।
रायपुर ASP लखन पटले ने बताया कि पूछताछ के बाद सभी लोगों को छोड़ दिया गया है। कई माध्यम से जानकारी मिल रही थी कि रायपुर जिले के थाने क्षेत्र में दूसरे राज्यों से आकर लोग रह रहे हैं। उनकी जानकारी थाने में नहीं थी। जानकारी मिली थी कि कई लोग संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे। रायपुर में पहले जो अपराध और लूट जैसी गतिविधियां हुई हैं उसमें कुछ बाहरी लोग भी शामिल रहे हैं, जिसके बाद हमने यह अभियान शुरू किया है। दूसरे राज्य से रहने वाले लोगों की जानकारी संबंधित राज्यों में भेजी जाएगी, मुसाफिर रोल तथा क्रिमिनल रिकॉर्ड या उनकी कोई हिस्ट्री वहां रही है या नहीं जानकारी मांगी जाएगी। कोई संदेही गतिविधियों में पाया जाता है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

