रायपुर, 25 अक्टूबर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नवा रायपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रोड शो होगा। इसके अलावा राज्योत्सव के मौके पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
श्री साव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि से बना छत्तीसगढ़ आज विकास, समृद्धि और जनकल्याण के मार्ग पर अग्रसर है। पिछले 25 वर्षों में राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और अधोसंरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। इन्हीं 25 वर्षों की विकास यात्रा और राज्य निर्माण की गाथा को राज्योत्सव स्थल पर विभागीय स्टॉलों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि राजधानी नवा रायपुर में 5 दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन होगा, जबकि सभी जिला मुख्यालयों में 3 दिवसीय राज्योत्सव मनाया जाएगा। इस बार राज्य स्थापना का यह आयोजन अधिक व्यापक और ऐतिहासिक स्वरूप में किया जा रहा है।
श्री साव ने बताया कि रजत जयंती वर्ष के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की भी तैयारी की जा रही है। प्रधानमंत्री के स्वागत में नवा रायपुर में रोड शो आयोजित होगा, इन मार्गों पर 12 आकर्षक स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। इन द्वारों पर छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, लोक परंपरा और विकास योजनाओं की झलक देखने को मिलेगी। राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री जी के आगमन को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की पूरी तैयारी कर ली है।
बस्तर ओलंपिक की प्रारंभ तिथि में बदलाव
साव ने बताया कि, बस्तर ओलंपिक के आयोजन की तिथि पूर्व निर्धारित थी, लेकिन इस बीच स्कूलों की छुट्टी चल रही है और सभी जिलों में राज्योत्सव का आयोजन होना है। इन परिस्थितियों के कारण विकासखंड स्तर पर आयोजित होने वाले बस्तर ओलंपिक की प्रारंभ तिथि में बदलाव होगा।
पीएम मोदी के दौर में बदलाव
पीएम नरेंद्र मोदी के दौरा कार्यक्रम में बदलाव हुआ है। वो 31 अक्टूबर के बजाए 1 नवंबर को रायपुर आएंगे, और पांच कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पुलिस के उच्च पदस्थ सूत्रों ने ‘ चर्चा में दौरा कार्यक्रम में बदलाव की पुष्टि की है। मोदी एक नवंबर को सुबह 9.15 बजे रायपुर आएंगे, और फिर सत्यसांई संजीवनी अस्पताल जाएंगे। इसके बाद वो प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पीएम नए विधानसभा भवन का उद्घाटन करेंगे। उनके साथ लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला भी रहेंगे। पीएम नवा रायपुर में रोड शो करेंगे, और फिर राज्योत्सव का उद्घाटन करेंगे।

