🔴दुर्ग के 445 वरिष्ठ नागरिक होंगे शामिल
दुर्ग, 26 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत दुर्ग जिले के 445 वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा पर भेजा जाएगा। यह यात्रा 29 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगी। इस दौरान वरिष्ठ नागरिक प्रयाग, काशी विश्वनाथ और हनुमान मंदिर के दर्शन करेंगे।
उप संचालक समाज कल्याण दुर्ग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्रा के लिए जिले से कुल 445 यात्रियों का कोटा निर्धारित किया गया है। इनमें 333 यात्री ग्रामीण क्षेत्र तथा 112 यात्री शहरी क्षेत्र से शामिल होंगे।
योजना के तहत कुल चयनित हितग्राहियों में 80 प्रतिशत बीपीएल, अंत्योदय एवं मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के कार्डधारी होंगे, जबकि 20 प्रतिशत एपीएल श्रेणी के नागरिकों को शामिल किया जाएगा। एपीएल श्रेणी के आवेदक आयकरदाता नहीं होने चाहिए।
तीर्थ यात्रा के लिए इच्छुक वरिष्ठ नागरिक संबंधित जनपद पंचायत एवं नगरीय निकायों के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा तथा इसके बाद निर्धारित प्रपत्र में आवेदन जमा करना होगा।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने पात्र वरिष्ठ नागरिकों से समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

