भिलाई नगर, 21 मार्च। कल रात को सुपेला गदा चौक से कोहका के बीच हुए सड़क हादसे में मृत मणिराम के परिवार को न्याय दिलाने लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। आज दोपहर को मृतक के परिजनों व लोगों ने मिलकर कोहका के अंवती बाई चौक पर चक्काजाम कर दिया। मृतक के परिजनों के समर्थन में लोगों ने की मांग की है कि उनके परिवार के किसी एक सदस्य को नौकरी दी जाए और परिवार को आर्थिक मदद के लिए 10 लाख का मुआवजा भी दिया जाए।

आपको बता दें कि बुधवार रात 10 से 11 बजे के बीच गदा चौक सुपेला से कोहका की ओर स्कूटी में जा रहे मणिराम को सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने ठोकर मार दी। इस हादसे में मणिराम की मौके पर ही मौत हो गई वहीं स्कूटी सवार रूप राम गंभीर रूप से घायल हो गया था। मणिराम टेंट का सामान पहुंचाने कोहका जा रहा था तभी यह हादसा हुआ। मणिराम के परिवार में चार बेटियां व एक बेटा है और मुखिया की मृत्यु बाद इस परिवार पर आर्थिक संकट छा गया है। हादसे के बाद आरोपी चालक फरार हो गया। इस हादसे के बाद आज अवंती बाई चौक कोहका में लोगों ने चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के दौरान लोगों का आक्रोश इतना था कि पूरी सड़क को महिलाओं ने श्रृंखलाबद्ध होकर घेर लिया वहीं बीच सड़क पर परिजनों के साथ लोग नारेबाजी करने लगे। मृतक की बेटियों का कहना था कि उनके सिर से पिता का साया छिन गया और उन पर आर्थिक संकट भी आ गया है। पिता की मौत के जिम्मेदार पिकअप चालक को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग के साथ ही प्रदर्शनकारियों ने। मुआवजा व परिवार के किसी एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। जब तक लिखित आश्वासन नहीं मिल जाता तब तक चक्काजाम नहीं खोलने की जिद पर प्रदर्शनकारी अड़े रहे।
मौके पर एसडीएम लोकेश ध्रुव ने तात्कालिक सहायता के तौर पर 25000 रुपये और परिवार के किसी एक सदस्य को संविदा पर दैनिक वेतनभोगी के रूप में नौकरी देने का आश्वासन दिया। उन्होंने सरकार की ओर से दिए जाने वाले मुआवजे को भी दिलाने कहा। एसडीएम द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद लोगों ने चक्काजाम समाप्त किया। इस दौरान लगभग तीन घंटों तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही और मौके पर सुपेला, स्मृति नगर सहित आस पास के थानों का बल मौजूद रहा।

