विद्युत कनेक्शन सहित मूलभूत सुविधाओं के लिए भटक रहे लोग, वैशाली डेवलपर्स का मामला
भिलाई नगर, 9 फरवरी। वैशाली डेवलपर्स ने न्यू वैशाली नगर और बाबा दीप सिंग नगर में छोटे-छोटे प्लाट काटकर बेचे जिससे प्लाट लेने वालों को विभिन्न समस्याएँ उत्पन्न हो गईं हैं और वो विद्युत कनेक्शन सहित मूलभूत सुविधाओं के लिए भटक रहे हैं। आम आदमी पार्टी के मेहरबान सिंह, वदुद आलम, बलविंदर सिंह व रामपाल ने पत्रवार्ता में बताया कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग ने लिखकर दिया कि उस क्षेत्र के लिए कोई ले आउट अप्रूव्ड नहीं किया फिर निगम ने भवन अनुज्ञा कैसे जारी कर दी। यहां लगभग 18 भू स्वामियों को भवन अनुज्ञा जारी की गई और लाखों रूपए डेवलपमेंट चार्ज निगम ने लिया। पिछले वर्ष अशोक सबनानी ने स्थायी विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन दिया था जो आज तक नहीं मिला। भू स्वामियों ने बिल्डिंग परिमिशन मिलने से मकान बनाते समय विद्युत विभाग से टेम्परेरी विद्युत कनेक्शन लिया जिसमें युनिट रेट बहुत ज्यादा लगता है और सब्सीडी का लाभ नहीं मिलता। उस मकान में रहते हुए उन्हें वर्षों हो चुके हैं लेकिन आज तक उनको स्थायी विद्युत कनेक्शन नहीं मिला है। स्थायी विद्युत कनेक्शन की मांग करने पर विद्युत विभाग ने कहा कि सभी प्लाट्स वैशाली डेवलपर्स कालोनाईजर से क्रय किया गया है, उनके द्वारा कालोनी का विद्युतीकरण करावाना पड़ेगा लेकिन सवाल ये है अभी वो कालोनी है कहाँ? टाउन एंड कंट्री प्लानिंग ने लिखकर दिया कि उस जगह के लिए कोई ले आउट अप्रूव्ड नहीं किया गया है, फिर वो कालोनी कैसे हो गई? विद्युत विभाग ने कहा कि वैशाली डेवलपर्स ने कोई आवेदन प्रस्तुत नहीं किया है अगर आवेदन किया है तो उस पूरी जगह के विद्युतीकरण टांसफार्मर का खर्चा वहन करना पड़ेगा। वर्तमान में जिस पोल से टेम्परेरी विद्युत कनेक्शन चल रहा है, उसी पोल से नया स्थायी विद्युत कनेक्शन दे दिया जाए। सवाल यह है कि वहां के रहवासियों का विद्युत कनेक्शन जब टेंपरेरी चल रहा है तो उसको स्थायी कनेक्शन क्यों नहीं किया जा सकता है या नया स्थायी विद्युत क्यों नहीं देता? स्थायी विद्युत कनेक्शन के लिए उपभोक्ता विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मर का शुल्क तथा अन्य शुल्क क्यों दे? आम आदमी पार्टी ने जनदर्शन में भी इस समस्या पर आवेदन दिया है।

