🔴 आठ की मौत, 40 से ज्यादा की तलाश जारी
🟢 प्रधानमंत्री ने ट्वीटर पर जताई संवेदना
जलपाइगुडी़, 6 अक्टूबर। पश्चिम बंगाल के जलपाइगुडी़ जिले में विजयादशमी की रात एक बड़ा हादसा हो गया है। जिले में दुर्गा विसर्जन के दौरान माल नदी में अचानक बाढ़ आ गई, जिसके चलते कम से कम 8 लोगों की डूबने से मौत हो गई जबकि चार दर्जन से ज्यादा लोग बहने की वजह से लापता बताए जा रहे हैं।
मृतकों में चार महिलाएं भी शामिल हैं।
बताया जा रहा कि घटना के वक्त सैकड़ों की संख्या में लोग माल नदी के तट पर विसर्जन के लिए मौजूद थे। जलपाईगुड़ी की कलेक्टर मोमिता गोदरा ने बताया कि अचानक आई बाढ़ में लोग बह गए। अभी तक 8 शव बरामद हुए हैं और हमने करीब 50 लोगों को सुरक्षित निकाला है, खोज और बचाव अभियान जारी है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान दुर्घटना से दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदना।

