BSP के एचएसएलटी ठेका श्रमिकों की पेंशन शुरू, इंटक यूनियन के प्रयास रंग लाए

BSP के एचएसएलटी ठेका श्रमिकों की पेंशन शुरू, इंटक यूनियन के प्रयास रंग लाए



भिलाईनगर, 28 फरवरी 2026। भिलाई इस्पात संयंत्र में वर्षों से कार्यरत एचएसएलटी ठेका श्रमिकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से लंबित पेंशन प्रकरणों में प्रगति करते हुए 250 में से 110 सेवानिवृत्त ठेका श्रमिकों की पेंशन प्रारंभ हो गई है। यह जानकारी स्टील ठेका श्रमिक यूनियन (इंटक) ने दी।
जानकारी के अनुसार भिलाई इस्पात संयंत्र में साफ-सफाई एवं उत्पादन कार्य में करीब 40 वर्षों तक सेवा देने वाले एचएसएलटी ठेका श्रमिक सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन के लिए संघर्ष कर रहे थे। कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) के केवाईसी लंबित रहने के कारण लगभग 10 वर्षों से उनके पेंशन प्रकरण अटके हुए थे।
इस संबंध में श्रमिकों ने स्टील ठेका श्रमिक यूनियन (इंटक) कार्यालय में अध्यक्ष संजय कुमार साहू से संपर्क किया। पिछले दो वर्षों के सतत प्रयासों तथा संयंत्र के उच्च प्रबंधन, सीएलसी ठेका प्रकोष्ठ, वित्त विभाग एवं कर्मचारी भविष्य निधि संगठन रायपुर के सहयोग से 110 श्रमिकों की पेंशन प्रक्रिया पूरी कराई गई। शेष श्रमिकों के प्रकरणों पर कार्यवाही जारी है।
पेंशन प्रारंभ होने के बाद संबंधित श्रमिकों को लगभग 2,700 रुपये प्रतिमाह पेंशन एवं करीब 1,70,000 रुपये एरियर के रूप में प्राप्त होने लगे हैं। पेंशन शुरू होने की खुशी में श्रमिक यूनियन कार्यालय पहुंचे और मिठाई बांटकर आभार व्यक्त किया। इस दौरान अध्यक्ष संजय कुमार साहू, उपाध्यक्ष सी.पी. वर्मा एवं दीनानाथ सिंह सार्वा का फूलमाला और शाल से सम्मान किया गया।
अध्यक्ष संजय कुमार साहू ने कहा कि यह कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि करीब 15 वर्षों से प्रयासों के बावजूद पेंशन प्रारंभ नहीं हो पा रहा था। यूनियन और प्रबंधन के समन्वित प्रयासों से यह संभव हो सका। उन्होंने आश्वासन दिया कि इंटक यूनियन आगे भी ठेका श्रमिकों के हितों की रक्षा, सुविधाओं में वृद्धि और वेतन सुधार के लिए संघर्ष करती रहेगी।
इस अवसर पर गिरवर साहू, जनक देवांगन, गजाधर, बालूराम, वीर सिंह, लक्ष्मण राव, राजू भारती, लखन साहू, घासीराम, रामचरण सिंह, परगन साहू, सोनबाई सहित यूनियन पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।