हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की वार्षिक परीक्षाएं में परिवर्तन, संशोधित समय सारिणी जारी, किन-किन प्रश्नपत्र में किया गया बदलाव पढ़ें पूरी खबर

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की वार्षिक परीक्षाएं में  परिवर्तन, संशोधित समय सारिणी जारी, किन-किन प्रश्नपत्र में किया गया बदलाव पढ़ें पूरी खबर


दुर्ग 22 फरवरी । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन 13 मार्च से किया जा रहा हैं। तीन पालियो में आयोजित होने वाली ये परीक्षाएं 12 मई तक जारी रहेंगी। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप एवं परीक्षा उपकुसचिव, डाॅ. राजमणि पटेल ने बताया कि इस संबंध में विश्वविद्यालय की कुलपति द्वारा ली गई प्राचार्यो की ऑनलाइन बैठक में विचार विमर्श के उपरांत विश्वविद्यालय द्वारा 10 फरवरी को जारी वार्षिक परीक्षा समय सारिणी संबंधी अधिसूचना में आंशिक परिवर्तन किया गया है। यह परिवर्तन मुख्यतः दूरस्थ अंचलों में स्थित छोटे महाविद्यालयों में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को बैठा पाने हेतु पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण किया गया है।

कुलसचिव से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीए भाग 02 एवं 03 का दर्शनशास्त्र मनोविज्ञान, भूगोल एवं प्रबंधन का प्रथम प्रश्न पत्र अब परिवर्तित समय सारिणी के अनुसार 08 मई को होगा, जबकि उपरोक्त सभी विषयों के बीए प्रथम वर्ष के प्रश्न पत्र 08 मई के स्थान पर 09 मई को आयोजित होगा। इसी प्रकार दर्शनशास्त्र मनोविज्ञान, भूगोल एवं प्रबंधन का द्वितीय प्रश्न पत्र अब परिवर्तित समय सारिणी के अनुसार 11 मई को होगा, तथा बीए प्रथम वर्ष के उपरोक्त सभी द्वितीय प्रश्न पत्र 11 मई के स्थान पर 12 मई को आयोजित होंगे। शेष सभी प्रश्न पत्रों की तिथि यथावत होगी।

विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाओं के समस्त परिणाम घोषित हो चुके हैं तथा विश्वविद्यालय की सभी संकायों की प्रायोगिक परीक्षाएं भी समाप्ति की ओर हैं। कुछ महाविद्यालयों में बाह्य परीक्षकों की अनुपलब्धता के कारण एक-दो प्रायोगिक परीक्षाएं शेष हैं जो शीघ्र आयोजित हो जायेंगी। इस बीच वार्षिक परीक्षा के तैयारी के रूप में सभी महाविद्यालयों में उत्तर पुस्तिकाएं भेजी जा चुकी हैं। साथ ही परीक्षा आयोजन हेतु आवश्यक सभी प्रपत्र भी महाविद्यालयों को उपलब्ध कराया जा रहा है। परीक्षा के संचालन हेतु परीक्षा कक्ष में वीक्षकीय कार्य करने वाले प्राध्यापकों को दिया जाने वाला मानदेय तथा अन्य आवश्यक खर्च हेतु विश्वविद्यालय द्वारा महाविद्यालयों को दिया जाने वाले अग्रिम राशि देने की प्रक्रिया भी जारी है।