🔴1.60 लाख के बदले 22 लाख की अवैध वसूली का बना रहा था दबाव
दुर्ग, 30 जनवरी 2026। पदमनाभपुर थाना पुलिस को सूदखोरी के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सूदखोरी कर अवैध वसूली करने वाले आरोपी हरीश पारख को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 11 चेकबुक, इकरारनामा एवं साहूकारी लाइसेंस जप्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में की गई। 27 जनवरी 2026 को प्रार्थी द्वारा थाना पदमनाभपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी।
प्रार्थी ने बताया कि स्वास्थ्य खराब होने के चलते उसने आरोपी हरीश पारख से 1 लाख 60 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोपी द्वारा इस रकम पर 10 प्रतिशत ब्याज वसूला जा रहा था और समय पर रकम नहीं देने पर राशि को दोगुना कर दिया जाता था। प्रार्थी ने अब तक आरोपी को 3 लाख 20 हजार रुपये मूलधन एवं ब्याज के रूप में चुका दिए थे, इसके बावजूद आरोपी ने अवैध तरीके से स्टेट बैंक के 11 खाली चेकों पर हस्ताक्षर करवा लिए और 22 लाख रुपये की मांग करने लगा।
लगातार धमकी और अवैध वसूली से परेशान होकर प्रार्थी ने थाना पदमनाभपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में थाना पदमनाभपुर में अपराध क्रमांक 89/2026, धारा 296, 351(2), 308(2) बीएनएस एवं 4 कर्जा अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने प्रार्थी से 11 खाली चेक पर हस्ताक्षर कराकर 22 लाख रुपये की मांग करना एवं इकरारनामा बनवाना स्वीकार किया। इसके बाद 29 जनवरी 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
नाम: हरीश पारख
पिता: स्व. मोहनलाल पारख
उम्र: 60 वर्ष
पता: HIG 1/79, न्यू बोरसी, दुर्ग
पुलिस द्वारा सूदखोरी के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

