🔴चार अलग-अलग ठिकानों पर दबिश, 118 पौवा शराब, बिक्री की रकम और एक्टिवा समेत 62,300 रुपये का माल जब्त
दुर्ग, 25 सितंबर 2026। अवैध शराब के विक्रय और परिवहन के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन विश्वास के तहत पुलिस ने 24 सितंबर को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब बेच रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 118 पौवा अवैध शराब, बिक्री की रकम और शराब परिवहन में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर थाना सुपेला, पुरानी भिलाई-2 और दुर्ग थाना क्षेत्र में अलग-अलग टीमों ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके पर पकड़े गए आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 118 पौवा अवैध शराब बरामद हुई।
62 हजार से अधिक की सामग्री जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 11,800 रुपये कीमत की अवैध शराब, शराब बिक्री की 500 रुपये नकद रकम तथा अपराध में प्रयुक्त करीब 50 हजार रुपये कीमत की एक एक्टिवा जब्त की। इस तरह कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 62,300 रुपये बताई गई है।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में चन्दन चौहान (21), निवासी चिंगरी पारा सुपेला; रजत यादव (19), निवासी पांच रास्ता सुपेला; अनिता राजपूत (40), निवासी विश्व बैंक कॉलोनी पुरानी भिलाई; कुंती साहू (47), निवासी शांति नगर पुरानी भिलाई और रवि टण्डन (20), निवासी नगपुरा दुर्ग को गिरफ्तार किया है।
सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मुखबिर तंत्र के जरिए कार्रवाई
दुर्ग पुलिस के अनुसार ऑपरेशन विश्वास के तहत अवैध शराब के विक्रय और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से आरोपियों को शराब सहित पकड़ा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, मादक पदार्थों या अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

