🔴भिलाई नगर थाने में मामला दर्ज
भिलाई नगर 27 जनवरी 2026। वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के नाम पर एक युवक से 8 लाख 2 हजार रुपये से अधिक की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बी.एन.एस. की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी रवि कुमार पिता श्री लोक दास, निवासी क्वार्टर नंबर 8/सी, स्ट्रीट नंबर 30/ए, सेक्टर-07, भिलाई नगर ने थाना भिलाई नगर सेक्टर-06 में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में बताया गया कि दिनांक 27 दिसंबर 2025 को उन्हें टेलीग्राम के माध्यम से “वर्क फॉर होम” का संदेश प्राप्त हुआ। लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें व्हाट्सएप और फिर टेलीग्राम चैनल “5123 वर्क एंड लाइफ (स्पेशलिटी रेस्टोरेंट लिमिटेड)” से जोड़ा गया।
चैनल से जुड़े लोगों द्वारा टास्क पूरा करने और इन्वेस्टमेंट करने पर 50 से 70 प्रतिशत तक मुनाफा मिलने का प्रलोभन दिया गया। शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए प्रार्थी के खाते में 1135 रुपये और बाद में 10 हजार रुपये निवेश करने पर 14,950 रुपये वापस किए गए। इसके बाद लगातार बड़े निवेश के लिए दबाव बनाया गया।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने “स्पेशल डिस”, “गोल्ड टास्क” और “गिफ्ट ऑफर” जैसे नामों से अलग-अलग चरणों में रकम जमा करवाई। इस दौरान रवि कुमार ने अपनी जमा पूंजी के साथ-साथ सोना गिरवी रखकर भी पैसे जुटाए। विभिन्न तिथियों में भारतीय स्टेट बैंक के अलग-अलग खातों में सीडीएम मशीन और यूपीआई के माध्यम से कुल 8,02,000 रुपये जमा कराए गए।
अंतिम चरण में आरोपियों ने “क्रेडिट स्कोर” के नाम पर फिर से 4 लाख रुपये जमा करने की मांग की। जब प्रार्थी ने इतनी बड़ी राशि देने में असमर्थता जताई और पैसे निकालने (विड्रॉल) की कोशिश की, तब उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन बंद मिला और मैसेज के जरिए फिर से पैसे की मांग की गई।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना भिलाई नगर पुलिस द्वारा अपराध क्रमांक 0049/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी खाता धारकों के विरुद्ध धारा 318(4)-BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

