एक दिन वापसी होगी, सेलेक्टर्स नहीं दे रहे भाव, फिर भी मोहम्मद शमी ने कहा- मैं अभी भी अपने पीक पर हूं

एक दिन वापसी होगी, सेलेक्टर्स नहीं दे रहे भाव, फिर भी मोहम्मद शमी ने कहा- मैं अभी भी अपने पीक पर हूं


सीजी न्यूज ऑनलाइन 20 अक्टूबर 2026 । भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टीम से लगातार बाहर रहने के बावजूद वापसी की उम्मीद जताते हुए कहा कि वह आज भी अपने करियर के पीक पर हैं।

भारतीय टीम के अनुभवी और स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने सेलेक्टर्स द्वारा लगातार नजरअंदाज किए जाने के बावजूद हार नहीं मानी है। घरेलू क्रिकेट में बंगाल की ओर से खेल रहे शमी ने मीडिया से बातचीत में साफ कहा कि हर खिलाड़ी का एक लक्ष्य होता है और देश का प्रतिनिधित्व करने की उनकी उम्मीद अभी भी जिंदा है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी लय और फिटनेस पर बात करते हुए एक बेबाक बयान भी दिया।

मैं आज भी पीक पर हूं- मोहम्मद शमी

सेलेक्टर की बेरुखी और आगामी दौरों से बाहर रहने पर मोहम्मद शमी ने बड़े आत्मविश्वास के साथ कहा, ‘सर, आज भी हम पीक पर ही हैं। झूठ बोलने का कोई फायदा नहीं है। हम जैसे भी हैं अपने पीक पर हैं।’ उन्होंने कहा कि वह इस समय भी अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी कर रहे हैं और उनका ध्यान पूरी तरह से उन चीजों पर है जो उनके नियंत्रण में हैं न कि इस बात पर कि किसे चुना जा रहा है और किसे नहीं।

मार्च 2025 में खेला था आखिरी फाइनल

मोहम्मद शमी ने भारत के लिए आखिरी इंटरनेशन मुकाबला मार्च 2025 में खेला था। तब से वह टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन सफेद गेंद के फॉर्मेट में भारतीय तेज गेंदबाजी की चिंताओं को देखते हुए उन्हें वापस लाने की मांग तेज हो गई है। इसी बीच उनके समकालीन 36 वर्षीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की लगभग चार साल बाद भारतीय टीम में वापसी हुई है। भुवनेश्वर की वापसी का स्वागत करते हुए शमी ने कहा कि उनकी मौजूदा शानदार फॉर्म को देखते हुए यह वापसी काफी पहले ही हो जानी चाहिए थी।

वापसी पर शमी ने क्या कहा?

न्यूजीलैंड दौरे के लिए सभी फॉर्मेट की टीम से बाहर किए जाने के सवाल पर शमी ने कहा कि उन्हें इस बात से कोई निराशा नहीं है। उन्होंने कहा, ‘उम्मीद हमेशा रहनी चाहिए। किसी भी पेशे या खेल में आपका एक लक्ष्य होना चाहिए। हम आज रणजी ट्रॉफी खेल रहे हैं और खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतर रहे हैं। मेरा मकसद बिल्कुल साफ है कि जितना हो सके उतना क्रिकेट खेलूं। पिछले घरेलू सीजन में भी मैंने सभी मैच खेले थे।’

इस टीम ने मुझे पहचान दी है

मोहम्मद शमी ने अपने करियर में बंगाल क्रिकेट टीम के योगदान को भी दिल से याद किया और कहा कि वह जब तक खेलेंगे, इस टीम के लिए अपना शत-प्रतिशत देते रहेंगे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, ‘इस टीम ने मुझे मेरी पहचान दी है। मैं आज जो कुछ भी हूं इसी टीम की वजह से हूं। और जब मैं अपने करियर को अलविदा कहूंगा, तो इसी टीम के साथ खत्म करूंगा।’