डेढ़ साल की बच्ची को बिलखता छोड़ दे दी जान, पति ने बताया खुदकुशी, मायके वाले ने जता रहे हत्या की आशंका, पीएम बाद होगा खुलासा
भिलाई नगर, 29 सितंबर। कल देर रात एक नव विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव ससुराल में ही एक कमरे में मिला। मृतका के पति का कहना है कि उसने खुदकुशी की है, रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा है जबकि मायके वालों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस ने शव को मरच्यूरी में रखवा दिया और आज शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, पीएम रिपोर्ट मिलने पर पुलिस किसी नतीजा पर पहुँचेगी।
कुम्हारी पुलिस ने बताया कि महिला की करीब तीन साल पहले ही शादी हुई थी। लोटस सिटी निवासी नेहा (26 वर्ष) की कल संदिग्ध हालत में मौत हो गई। इसकी जानकारी रात करीब 11 बजे पुलिस को मिली। नेहा के पति ओम प्रकाश केसरी ने पुलिस को बताया कि नेहा ने रस्सी से फंदा लगा खुदकुशी कर ली है। उसने और उसके बड़े भाई राज केशरी ने शव को नीचे उतारा। वहीं नेहा के मायके वालों ने हत्या की आशंका जताई है। ऐसे में परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम होगा। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि आखिरी बार ससुराल आने के पहले पति ने नेहा को पांच महीने के लिए मायके में छोड़ दिया था। पुलिस के मुताबिक पति के प्रेम प्रसंग को लेकर दंपति में विवाद होता था। संदेह है कि शादी के पहले से यह चल रहा था। जांच में पता चला है कि साल 2018 में नेहा की शादी हुई थी। पति निजी अस्पताल में कैशियर की नौकरी करता है। दंपति की डेढ़ साल की एक बेटी भी है। करीब डेढ़ महीने पहले ही नेहा मायके से ससुराल आई थी। आज पीएम बाद पुलिस किसी नतीजा पर पहुँचेगी।

