उन्नीस लाख का लोहा ट्रक समेत चोरी, तलाश में जुटी पुलिस
भिलाई नगर, 11 अप्रैल। बीती रात खुर्सीपार थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया से 12 चक्का ट्रक चोरी हो गया है। इस ट्रक में 18 लाख से अधिक कीमत का लोहा लोड था। पुलिस ट्रक की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक कबीर नगर दुर्गा मंदिर के समीप निवासी राजकुमार चौधरी ने अपने 12 चक्का ट्रक सीजी 07 एई 5534 के लिए शनिवार को रायपुर से अकोला महाराष्ट्र के लिए भाड़ा लिया और रायपुर स्थित श्रीराम रोलिंग मिल यूनिट तीन से 25.40 टन लोहे का पाइप लोड किया। लोड किए गए लोहे की कीमत 18 लाख 84 हजार रुपए बताई जा रही है। इसके बाद उसने ट्रांसपोर्टर से 17 हजार रुपए एडवांस लिया और फिर ट्रक लेकर अकोला जाने के लिए निकला था। रायपुर से आने के बाद ट्रक मालिक ने गाड़ी को इंडस्ट्रियल एरिया में खड़ा कर दिया और अपने घर चला गया। ट्रांसपोर्टर के पूछने पर उसने गाड़ी रास्ते में होने की बात कही और गाड़ी लेकर दो दिन 9-10 अप्रैल तक घर में ही रहा। 10-11 अप्रैल की देर रात करीब एक बजे के करीब कोई उसका ट्रक चोरी कर ले गया। राजकुमार ने इसकी जानकारी ट्रांसपोर्टर को दी। जानकारी मिलते ही ट्रांसपोर्टर खुर्सीपार थाने पहुंचा और ट्रक मालिक राजकुमार ने खुर्सीपार थाने में ट्रक चोरी हो जाने की शिकायत की। पुलिस ट्रक की तलाश में जुटी है।

