काम्पलेक्स की तीसरी मंजिल पर आइल कुलेंट गोदाम में रात को लगी आग

काम्पलेक्स की तीसरी मंजिल पर आइल कुलेंट गोदाम में रात को लगी आग



बिलासपुर, 11 अक्टूबर। कल रात जरहाभाठा मंदिर चौक पर स्थित एक काम्पलेक्स में उस समय हड़कंप मच गया जब लोगों ने तीसरी मंजिल से भीषण आग की लपटें निकलती देखी। आग की लपटें और धुआं देखकर बगल में रहने वाले लोग दहशत में मकान छोड़कर छत में चढ़ गए। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दमकल की मदद से आग को काबू में करने का प्रयास शुरू किया और करीब एक घंटे के भीतर तीन दमकल की मदद से आग को काबू में कर लिया गया।यहां मिरर और ऑयल कुलेंट गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी।


मिली जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली क्षेत्र के दयालबंद में रहने वाले अभिषेक छाबड़ा की जरहा भाठा मंदिर चौक के स्थित सुभाष कॉम्प्लेक्स में हुंडई कंपनी के मोटर पार्ट्स की दुकान के साथ ही उनका कांच के सामानों का भी व्यवसाय है। कॉम्प्लेक्स के ऊपरी मंजिल में उनका गोदाम है, जहां कांच के सामानों के साथ ही ऑयल कुलेंट रखा था। रात करीब 9 बजे वे दुकान और गोदाम बंद कर अपने घर चले गए थे। तभी रात करीब 10ः30 बजे गोदाम से आग की तेज लपटों के साथ धुओं का गुबार उठते दिखा। इसकी जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी।
खबर मिलते ही पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बिजली सप्लाई बंद कराई। पूरे इलाके की बिजली बंद कराने के बाद आग बुझाने की कोशिश शुरू की गई। तब तक वहां फायर बिग्रेड की टीम भी पहुंच गई थी। धुएं की वजह से जवानों को परेशानी हो रही थी। गोदाम में लगी आग का धुआं दूसरे हिस्सों में भी भरने लगा था जिसके कारण कॉम्प्लेक्स के बाजू में रहने वाले लोग दहशत में आ गए और आनन-फानन घर छोड़कर छत में चढ़ गए। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग लगने के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई और मेन रोड में वाहनों की कतार लग गई। मौके पर मौजूद जवानों ने पहले यातायात बहाल किया फिर राजीव गांधी चौक और जरहाभाठा मंदिर चौक को ब्लॉक किया। इस दौरान रूट डायवर्ट कर वाहनों को रवाना किया गया। पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम करीब एक घंटे तक आग बुझाने की कोशिश करते रही।
बताया जा रहा है कि बिजली की शॉर्ट सर्किट के बाद ऑयल कुलेंट और कांच के सामानों तक आग पहुंच गई जिसके कारण आग की लपटें तेज हो गई थी। पानी की बौछारें मारने के बाद भी आग तेजी से भड़क रही थी क्योंकि ऑयल कुलेंट आग में घी की तरह काम कर रहा था। काफी मशक्कत के बाद आग को काबू में किया गया। गोदाम में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया है।