भिलाई के जरूरतमंद परिवार को शिक्षा और इलाज में मिली मदद

भिलाई के जरूरतमंद परिवार को शिक्षा और इलाज में मिली मदद


🔴यूथ सिख सेवा समिति भिलाई की सराहनीय पहल


भिलाईनगर, 22 मार्च 2026। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय Youth Sikh Seva Samiti Bhilai ने एक जरूरतमंद परिवार की सहायता कर मानवता की मिसाल पेश की है। शिक्षा सहायता के लिए प्राप्त आवेदन के सत्यापन के दौरान समिति की टीम जब परिवार के घर पहुंची, तो वहां की स्थिति बेहद संवेदनशील पाई गई।
जांच में सामने आया कि बच्चे के पिता एक ऑटो चालक हैं, जिनके दोनों पैरों की उंगलियों में गंभीर समस्या है। इस कारण उन्हें रोजमर्रा के कामकाज में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आर्थिक तंगी के चलते वे अपने बच्चे की करीब 10 हजार रुपये की स्कूल फीस जमा करने में असमर्थ थे।
परिस्थिति को समझते हुए समिति ने तुरंत मानवीय पहल करते हुए पिता का इलाज Shri Bira Singh Multispecialty Hospital में करवाया। इसके साथ ही स्कूल प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर बच्चे की पढ़ाई में आ रही बाधा को दूर करने का प्रयास किया गया।
समिति द्वारा 7,100 रुपये की राशि का चेक प्रदान कर बच्चे की फीस जमा कराने में मदद की गई, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली। इस सराहनीय पहल से न केवल एक बच्चे की शिक्षा जारी रह सकेगी, बल्कि जरूरतमंद परिवार को भी संबल मिला है।
स्थानीय स्तर पर समिति की इस पहल की व्यापक सराहना की जा रही है, जो समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण है।