🛑 दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण एनसीसी शिविर का शुभारंभ
दुर्ग, 10 जून । 37 छग बटालियन एनसीसी का 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर जवाहर नवोदय विद्यालय बोरई, दुर्ग में रविवार से प्रारंभ हुआ। इस शिविर में विभिन्न क्षेत्र, अलग-अलग जाति, धर्म व संस्थाओं से 543 कैडेट्स ने भाग लिया जिसमें अधिकांश कैडेट्स पहली बार अपने परिवार वालों को छोड़कर इस शिविर में उत्साह से भाग लेने के लिए उपस्थित हुए हैं । कैंप कमाण्डेंट कर्नल प्रेमजीत द्वारा शिविर के ओपनिंग एड्रेस में अपने उद्बोधन से इनका उत्साह दोगुना कर दिया।

कैंप कमाण्डेंट ने कैडेट्स को इस वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के उद्देश्य के बारे में बताते हुए कहा कि आपको यहां एकता एवं अनुशासन के साथ व्यक्तित्व निर्माण कर देश का एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा ।
शिविर में ड्रिल, फायरिंग, योग, व्यायाम, आपदा प्रबंधन जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, साथ ही समाज के प्रति जिम्मेदार बनाने हेतु सामाजिक सेवा तथा सामुदायिक विकास के अंतर्गत रक्तदान, वृक्षारोपण, पर्यावरण सुरक्षा, पुनीत सागर अभियान, थैलेसीमिया व सिकलसेल जागरूकता आदि ज्वलंत समस्याओं के निराकरण हेतु व्याख्यान माला परिचर्चा व जागरूकता अभियान आदि किया जाएगा। ओपनिंग एड्रेस के बाद बालक कैडेट्स के सीनियर सत्यम कुमार गजपाल तथा बालिका कैडेट्स की सीनियर अपेक्षा सिदार को कैंप सीनियर का रैंक कैंप कमांडेंट द्वारा प्रदान किया गया। विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम व खेलकूद के माध्यम से टीम भावना का विकास किया जाएगा। उन्होंने उपस्थित कैडेटों से सीधे संवाद के माध्यम से अपनी बात रखते हुए कैडेट्स को भी खुलकर अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित किया। कैंप कमांडेंट ने कैडेट्स को भरोसा दिलाया कि, “आज आप जो हैं, 10 दिन के प्रशिक्षण के बाद आप अपने जीवन में बहुत सा बदलाव महसूस करेंगे, आप जीवन में कहीं भी हो यह प्रशिक्षण आपको हर क्षेत्र में मजबूती प्रदान करेगा”।

उक्त कार्यक्रम में डिप्टी कैंप कमांडेंट प्रशासनिक अधिकारी 3 सीजी एयर एनसीसी, रायपुर स्क्वार्डन लीडर मोहम्मद जर्रार ,सूबेदार मेजर थानेश्वर गुरुंग, सूबेदार अमरीक सिंह , सूबेदार विकास खत्री, सूबेदार एस० आर० कुजूर, सूबेदार के०सी० बेहरा, कैम्प एजूडेंट सी० के० साहू, क्वार्टर मास्टर कैप्टन संतोष मिश्रा, चीफ ऑफिसर ए० के० सिंह, सेकंड ऑफिसर, प्रदीप रामटेक, थर्ड ऑफिसर पूजा अवस्थी सहित कुल 13 एनसीसी अधिकारी व 12 पी०आई० अफसर उपस्थित रहे। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी ले० निलेश तिवारी व ले० डॉ० हरीश कुमार कश्यप ने दी।


