भिलाईनगर, 03 अक्टूबर 2026। भारत सरकार के नशामुक्त भारत अभियान एवं सेवा संकल्प के तहत 37 छग बटालियन एनसीसी दुर्ग के कैडेट्स ने सेक्टर-7 में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान कैडेट्स ने रैली निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।
37 छग बटालियन एनसीसी दुर्ग के कमान अधिकारी एवं एडम अफसर के निर्देश तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर सेक्टर-7 मार्केट एवं आसपास की विभिन्न सड़कों से गुजरी। कैडेट्स ने जोश और उत्साह के साथ नशे के दुष्प्रभावों को लेकर लोगों को जागरूक किया और ‘नशा मुक्त भिलाई’ बनाने का आह्वान किया।

रैली के दौरान कैडेट्स ने “हम सबने यह ठाना है, नशा मुक्त कराना है”, “नशा एक जहर है, जीवन के लिए कहर है”, “नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो”, “हम सबका एक ही सपना, नशा मुक्त देश अपना” सहित विभिन्न नारों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी ले. डॉ. हरीश कुमार कश्यप ने किया। आयोजन में पूर्व एसयूओ पुष्पेंद्र, रोहन एवं विक्रम ने सहयोग किया। अभियान में पुनेश कुमार, मुकुल ठाकुर, उत्तम ठाकुर, भीष्म, रोमन, सुजल, मोहित, शिवम, जयप्रकाश, प्रकाश, देवप्रकाश, चंद्रप्रकाश, कैलाश वर्मा, ज्योति, विनीता, तीक्षा एवं कृष राम मोहन सिदार सहित कुल 29 एनसीसी कैडेट्स ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

