सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 21 फरवरी। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानि NIA ने आज सुबह से आठ राज्यों में 72 जगह छापेमारी की है। गैंगस्टर लॉरेंस और उसके करीबियों के ठिकानों पर यह रेड हुई हैं। NIA टीम इस समय राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश में एक साथ कार्रवाई कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, NIA को बिश्नोई और बवाना गैंग को पाकिस्तान से फंडिग की जा रही है, जिसका इस्तेमाल देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जाता है। सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में जेल में बंद लॉरेंस और नीरज बवाना ने भी हथियार सप्लायर गिरोह और टेरर फंडिंग की बात कबूली थी। NIA को इस रेड के दौरान कई जगह हथियार भी मिले हैं।

राजस्थान : विदेशी हथियारों की तस्करी का इनपुट राजस्थान के चार जिलों में रेड जारी है। जोधपुर में NIA की टीम के साथ पुलिस फोर्स की गाड़ियां भी मौजूद थीं। रेड के दौरान यहां किसी को नहीं आने दिया गया। राजस्थान में लॉरेंस और नीरज बवाना से जुड़े नेटवर्क को लेकर NIA का ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि NIA को इनके पास तस्करी के विदेशी हथियार मिलने का इनपुट है। NIA जोधपुर, सीकर, चूरू, झुंझुनूं सहित बीकानेर और श्रीगंगानगर सहित बॉर्डर के कुछ इलाकों में कार्रवाई कर रही है।
पंजाब: लॉरेंस, लखबीर और गोल्डी बरार के गुर्गों पर एक्शन
पंजाब के गिद्दड़बाहा में NIA की कार्रवाई चल रही है। NIA ने कनाडा में बैठकर पंजाब में आतंक फैला रहे लखबीर लंडा के अलावा गैंगस्टर लॉरेंस और गोल्डी बराड़ के करीबियों के ठिकानों पर दबिश दी है। कुछ दिन पहले ही लखबीर लंडा को NIA ने आतंकी घोषित किया है और लगातार उसके करीबियों पर नजर रखी रही थी। उन्हीं के ठिकानों पर NIA ने रेड की है।

हरियाणा: शराब कारोबारियों समेत गैंगस्टर चीकू के घर दबिश
हरियाणा में शराब कारोबारी तनु और मनु के ठिकानों पर दबिश की तस्वीर, यहां पैसे के हेरफेर के सबूत मिले हैं। हरियाणा के नारनौल में एनआईए ने अलसुबह गैंगस्टर सुरेंदर उर्फ चीकू के ठिकानों पर रेड की। एनआईए ने गैंगस्टर सुरेंद्र उर्फ चीकू के गांव मोहनपुर स्थित निवास के अलावा नारनौल की सेक्टर 1 में रह रहे उसके रिश्तेदार के यहां भी रेड की। इस दौरान स्थानीय पुलिस और CIA की टीम भी साथ थी।
UP में पंजाब की जेल में बंद मर्डर के दोषी घर पहुंची टीम
NIA ने यूपी के पीलीभीत में एक युवक के घर पर रेड की, जो मर्डर के मामले में पंजाब की जेल में बंद है। यूपी के पीलीभीत और प्रतापगढ़ में NIA ने रेड की है। पीलीभीत में जांच एजेंसी पंजाब की जेल में बंद एक युवक के घर पहुंची थी। इस दौरान लोकल पुलिस भी मौजूद थी। प्रतापगढ़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मेंबर की मौजूदगी के संदेह में NIA युवक के घर पर पहुंची थी।
MP: मूसेवाला के मर्डरर की मदद करने वाले के घर पर छापेमारी
मध्यप्रदेश में उज्जैन के नागदा में दीपक भाटी के घर में छापेमारी की गई है। मध्य प्रदेश पहुंची NIA टीम ने उज्जैन के नागदा में योगेश भाटी और राजपाल चंद्रावत के यहां दबिश दी। मोहाली (पंजाब) में इंटेलिजेंस के ऑफिस पर रॉकेट लॉन्चर दागने के मामले में मुख्य आरोपी दीपक रमदा के साथ योगेश और राजपाल भी शामिल थे। दीपक को पहले भी नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया जा चुका है। उसने ही पूछताछ में दोनों के नाम बताए थे।
गुजरात: बिश्नोई के करीबी कुलविंदर के ठिकानों पर छापेमारी
गुजरात के गांधीधाम में NIA ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी कुलविंदर के परिसरों पर छापेमारी की। कुलविंदर कई साल से बिश्नोई का सहयोगी है। उसके खिलाफ बिश्नोई गैंग के लोगों की मदद करने के आरोप में कई केस दर्ज हैं। NIA के सूत्रों ने खुलासा किया कि कुलविंदर इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट से भी जुड़ा था।
राजस्थान में PFI के दफ्तर से मिले संदिग्ध दस्तावेज
यहां उदयपुर से, कोटा- बारां से एक-एक संदिग्ध हिरासत में लिये जा चुके हैं। पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) और इससे जुड़े लोगों, संस्थानों पर NIA पूरे देश में एक साथ सर्च ऑपरेशन चला रही है। राजस्थान, बिहार, यूपी सहित कई राज्यों के करीब 100 से अधिक ठिकानों पर यह रेड जारी है। इस सिलसिले में PFI के राजस्थान हेड आसिफ को केरल से गिरफ्तार कर लिया गया है।
कोयंबटूर ब्लास्ट केस में 3 राज्यों में NIA की छापेमारी
कोयंबटूर कार सिलेंडर ब्लास्ट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 3 राज्यों में छापेमारी की। जांच एजेंसी ने यह छापेमारी तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के 60 से अधिक ठिकानों पर संदिग्ध ISIS समर्थकों के संबंध में की है। अकेले कर्नाटक में 45 ठिकानों पर छापेमारी कि गई है। बताया जा रहा कि NIA को IS से संबंध रखने वाले कुछ लोगों की जानकारी मिली थी।

