दुर्ग 3 जनवरी । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग द्वारा प्रथम बार राष्ट्रीय एकता शिविर एनआईसी का उद्घाटन आज सुबह 11:00 बजे शासकीय मॉडल कॉलेज, सोमनी राजनांदगांव में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल द्वारा किया गया है। शिविर 02 से 08 जनवरी तक आयोजित है। जिसमें 14 राज्यों के 150 स्वयंसेवक उपस्थित थे।

यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक एवं कल्याण महाविद्यालय के प्राचार्य, डॉ. आर पी अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के इस शिविर के आयोजन का दायित्व भारत सरकार द्वारा हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग को सौंपा गया है।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य की एनएसएस सम्पर्क अधिकारी सुश्री डॉ. नीता बाजपेयी के मार्गदर्शन में आयोजित इस सात दिवसीय शिविर के दौरान एनएसएस के छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश राज्यों के रीजनल डायरेक्टर, श्री श्रोती भी उपस्थित रहेंगे।
डॉ. आर. पी. अग्रवाल के अनुसार राष्ट्रीय एकता शिविर में छत्तीसगढ़ को मिलाकर कुल 14 राज्यों के एनएसएस के चयनित स्वयंसेवक एवं कार्यक्रम अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।

प्रत्येक राज्य से 10 स्वयं सेवकों तथा 01 कार्यक्रम अधिकारी को इस शिविर में शामिल होने की नियमानुसार अनुमति है । उद्घाटन समारोह के दौरान हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग की कुलपति डॉ. अरूणा पल्टा विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप एवं एनएसएस के जिला संगठक तथा कार्यक्रम अधिकारी एवं लगभग 150 से अधिक एनएसएस स्वयंसेवक इस अवसर पर उपस्थित थे।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि 04 जनवरी को राष्ट्रीय एकता शिविर में शामिल सभी स्वयं सेवकों द्वारा अपने-अपने राज्यों की पोषाकों में संस्कृति का प्रदर्शन सांस्कृतिक रैली के माध्यम से किया जायेगा। 05 जनवरी को सभी स्वयं सेवक डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी के दर्शन के साथ-साथ स्वच्छता अभियान एवं पर्यावरण अध्ययन करेंगे। शिविर के दौरान प्रतिदिन शाम को अलग-अलग राज्यों के स्वयं सेवक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

