🛑 दोपहर 2-3 बजे के बीच अदा की जाएगी नमाज, वक्फ-बोर्ड ने सभी जिलों में भेजा सर्कुलर
सीजी न्यूज ऑनलाइन 12 मार्च। छत्तीसगढ़ में भी यूपी की भांति पहल की गई है। होली के दिन मस्जिदों में दोपहर 1 बजे होने वाली जुमे की नमाज़ अब 2 से 3 बजे के बीच आयोजित की जाएगी। इस संबंध में सभी मस्जिद समितियों को पत्र भेजकर सूचित किया गया है। इस परिवर्तन का उद्देश्य होली के उत्सव और जुमे की नमाज़ के समय में टकराव को रोकना और शांति एवं सौहार्द्र बनाए रखना है।
यह कदम विभिन्न समुदायों के बीच आपसी समझ और सम्मान को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है, ताकि सभी लोग अपने-अपने त्योहारों को शांतिपूर्ण और खुशीपूर्वक मना सकें।
डॉ. सलीम राज ने स्पष्ट किया है कि इस आदेश का उद्देश्य मस्जिदों को राजनीति से दूर रखना और समाज में शांति एवं सौहार्द्र बनाए रखना है।

यह आदेश छत्तीसगढ़ की सभी मस्जिदों पर लागू होगा। वक्फ बोर्ड ने मस्जिदों के इमामों और धार्मिक नेताओं से अपील की है कि वे इस आदेश का पालन करें और अपने प्रवचन में सद्भावना, शांति और भाईचारे को बढ़ावा दें।
जोहर की नमाज घर में पढ़ें- छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड
डॉ. सलीम राज ने बताया कि मुस्लिम समुदाय के लोग जुमे की नमाज अदा करते हैं। दोपहर 12 बजे जोहर की नमाज होती है। नमाजी नमाज अदा करने के लिए मस्जिद की ओर निकलेंगे। इस दौरान होली भी खेली जाएगी। ऐसे में किसी से विवाद की स्थिति न बने, इसलिए नमाज की टाइमिंग बदली गई है।
बीजेपी बोली- बोर्ड के फैसले का हम स्वागत करते हैं
बीजेपी प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा कि बोर्ड के फैसले का हम स्वागत करते हैं। अगर सुबह होली खेली जाएगी और दोपहर में नमाज पढ़ी जाएगी तो ये बोर्ड का अच्छा निर्णय है। कांग्रेस को ये फैसला गलत लग सकता है, क्योंकि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है। बीजेपी सबका साथ सबका विकास चाहती है।
रायपुर पुलिस भी अलर्ट मोड पर
रायपुर एसएसपी लाल उमेंद्र सिंह ने बताया, कि होली के दौरान किसी तरह का विवाद ना हो, इसलिए रायपुर पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। त्योहार शांति पूर्वक रहे, इसलिए रायपुर में 80 नाके लगाकर जांच की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सड़कों पर लगातार 48 घंटे पुलिस मुस्तैद रहेगी। सेंसिटिव इलाकों में पुलिस लगातार गश्त करेगी। विवाद करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी। राजपत्रित अधिकारियों की टीम मॉनिटरिंग करेगी।

