Bhilai में हत्या : रावणभाठा जामुल में पारिवारिक विवाद ने ली जान

Bhilai में हत्या : रावणभाठा जामुल में पारिवारिक विवाद ने ली जान


🔴चाचा ने भतीजे की लोहे के पाइप से की हत्या — 10 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर, 03 मार्च 2026। जामुल थाना क्षेत्र के रावणभाठा में शराब पीने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। मामूली बहस के बाद चाचा ने अपने ही भतीजे के सिर पर लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 घंटे से कम समय में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जामुन पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 02 मार्च 2026 की रात्रि लगभग 11:30 बजे सूचना मिली कि रावणभाठा जामुल निवासी हेमंत साहू की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक हेमंत साहू और उसके चाचा आशीष साहू के बीच शराब सेवन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने लोहे के पाइप से हेमंत के सिर के पीछे बार-बार प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मृतक की माता श्रीमती ललिता साहू की रिपोर्ट पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 142/2026 के तहत धारा 103 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन जामुल पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तत्काल पतासाजी और घेराबंदी कर 03 मार्च 2026 को 10 घंटे से कम समय में आरोपी को जामुल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, हत्या का मुख्य कारण शराब सेवन को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद है।
आरोपी: आशीष साहू (25 वर्ष), निवासी रावणभाठा जामुल, जिला दुर्ग।
इस कार्रवाई में थाना जामुल प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह सहित पुलिस टीम और एसीसीयू की सक्रिय भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवादों को शांतिपूर्ण और कानूनी माध्यम से सुलझाएं। नशे की स्थिति में उत्पन्न विवाद गंभीर अपराध का रूप ले सकते हैं। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।