दुर्ग में एक ही रात में कई जगह आग, दमकल टीम ने समय रहते पाया काबू

दुर्ग में एक ही रात में कई जगह आग, दमकल टीम ने समय रहते पाया काबू


🔴कुम्हारी के पुट्ठा गोदाम में 6 घंटे से आग बुझाने के प्रयास जारी

दुर्ग, 27 अप्रैल 2026। जिले में बीती रात अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की चार से अधिक घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। त्वरित सूचना पर पहुंची अग्निशमन टीम ने समय रहते कार्रवाई कर आग पर काबू पाया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।


जिला सेनानी अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग के प्रभारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पहली घटना जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम बासिन में हुई, जहां एक ट्रक में आग लग गई। दूसरी घटना कुटुंब न्यायालय के पास पेड़ में आग लगने की रही।

6 घंटे से आग बुझाने के प्रयास जारी

तीसरी और सबसे बड़ी घटना कुम्हारी थाना क्षेत्र के वार्ड-15 में स्थित एक कागज (पुट्ठा) गोदाम में हुई, जहां गोदाम के पिछले हिस्से में रखे पुट्ठा और मालवाहक वाहनों में आग भड़क उठी। आग की सूचना मिलते ही दमकल की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। सुबह 4:00 बजे से फायर टीम के द्वारा आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। दो गाड़ियों की मदद से अभी तक छे फेरे लगाए जा चुके हैं। इस दौरान कुम्हारी पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।


इसके अलावा जिले के कुछ स्थानों पर बिजली ट्रांसफॉर्मरों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं।
जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल टीम को तत्काल रवाना किया गया और सभी स्थानों पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई की गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, जिसकी जांच की जा रही है।
अग्निशमन दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी, शरद मेश्राम, केशव यादव सहित पूरी टीम की तत्परता से बड़ी घटना टल गई और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

अग्निशमन विभाग की अपील:

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन सेवा से संपर्क करें। सहायता के लिए 112 सहित अग्निशमन कार्यालय दुर्ग के नंबर 0788-2320120, 2320121, 2322571 पर संपर्क किया जा सकता है।