सांसद बघेल, विधायक विद्यारतन और देवेंद्र ने पत्नी के साथ किया मतदान
भिलाई नगर, 20 दिसंबर। आज रिसाली, भिलाई, चरौदा और जामुल नगर निगम में मतदान चल रहा है। जहां प्रदेश के दिग्गज नेताओं ने अपने-अपने इलाकों में मतदान किया। सबसे पहले दुर्ग सांसद विजय बघेल ने पत्नी रजनी के साथ भिलाई नगर निगम के सेक्टर 5 मिडिल स्कूल में मतदान किया। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस धांधली करवा रही है, जनता यह सब नहीं सहन करेगी। आने वाले समय में बीजेपी दुर्ग जिले के सभी निकायों में सरकार बनाएगी। बीजेपी के प्रत्याशी अधिक से अधिक वोट पाकर जीत दर्ज करेंगे।

वैशाली नगर से बीजेपी विधायक विद्यारतन भसीन ने भी अपने परिवार के साथ वैशाली नगर स्कूल में मतदान किया। उन्होंने भिलाई में बीजेपी की शहर सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि जनता कांग्रेस सरकार की नाकामयाबी का जवाब आज कांग्रेस को जरूर देगी।

भिलाई के महापौर और भिलाई नगर से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने अपनी पत्नी के साथ हाउसिंग बोर्ड वार्ड में मतदान किया। उन्होंने दावा किया कि भिलाई में कांग्रेस की सरकार बन रही है।

