दुर्ग संभाग में सड़क हादसे में घायल मां, बेटे और पोती की उपचार के दौरान मौत, ड्रायवर फरार

दुर्ग संभाग में सड़क हादसे में घायल मां, बेटे और पोती की उपचार के दौरान मौत, ड्रायवर फरार


दुर्ग संभाग में सड़क हादसे में घायल मां, बेटे और पोती की उपचार के दौरान मौत, ड्रायवर फरार
राजनांदगांव, 7 अक्टूबर। जिले में मुंबई-हावड़ा नेशनल हाईवे 53 पर कल हुए सड़क हादसे में घायल मां, बेटे और 5 साल की मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मरने वाले सभी लोग दीवान टोला गांव के रहने वाले थे। घटना के बाद कार चालक अपनी गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। यह हादसा बागनदी थाना क्षेत्र में हुआ है।
बागनदी थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह के मुताबिक दीवान टोला का रहने वाला शिवनंदन मरकाम (35 वर्ष) अपनी मां चंपा बाई (60 वर्ष) और 5 साल की बेटी तृप्ति को लेकर ग्राम सड़क चिरचारी में फीवर का इलाज कराने के लिए आया हुआ था। वहां लौटते समय सड़क चिरचारी के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी जिसके बाद तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने तीनों को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया लेकिन इलाज के दौरान शिवनंदन, उसकी मां और बेटी तीनों की मौत हो गई है। आरोपी कार चालक राजनांदगांव की ओर से गोंदिया की तरफ जा रहा था, फिलहाल वो फरार है, तलाश की जा रही है। कार को जब्त कर लिया गया है। मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। दीवान टोला में रहने वाले मृतकों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।