नेहरू नगर में कार की ठोकर से माँ-बेटी घायल, चालक को तलाश रही पुलिस
भिलाई नगर, 28 दिसंबर। स्कूटर से घर लौट रही माँ-बेटी को कार चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक ड्राइव करते हुए नेहरू नगर में ठोकर मार दी। दुर्घटना बाद स्कूटर समेत गिरी माँ व बेटी को गंभीर चोट आई है। ठोकर मार कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया लेकिन दुर्घटनाग्रस्त महिला ने कार का नंबर नोट कर लिया। सुपेला थाना में रिपोर्ट बाद पुलिस आरोपी चालक को तलाश रही है।
सुपेला थाना एएसआई गणेश राम साहू ने बताया कि बीती रात्रि नेहरू नगर स्थित 3जी सुपर मार्केट कर्मी 40 वर्षीय श्रीमती पार्वती ताम्रकार अपनी पुत्री प्रियांकी के साथ स्कूटर क्रमांक सीजी 07 एएच 4239 से तितुरडीह कैलाश नगर दुर्ग अपने घर जा रही थीं तभी नेहरू नगर पानी टंकी के पास चौराहे पर विपरीत दिशा से आकर स्विफ्ट कार क्रमांक सीजी 07 बीएक्स 9033 ने उनकी स्कूटर को ठोकर मार दी। एक्सीडेंट में गाड़ी समेत पार्वती पुत्री सहित गिर गईं। उनके बांये हाथ एवं पैर तथा प्रियांकी के दाहिने पैर में चोट आई है। स्कूटर भी क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक कुछ देर रूका और तुरंत भाग गया। सुपेला पुलिस ने पार्वती की रिपोर्ट पर आरोपी कार चालक के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत जुर्म दर्ज किया है।

