छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन सक्रिय रहेगा मानसून, दुर्ग समेत 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन सक्रिय रहेगा मानसून, दुर्ग समेत 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट


सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 22 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा। बुधवार को भी कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

दुर्ग-रायपुर समेत 8 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, कांकेर, रायगढ़, सूरजपुर और अंबिकापुर (सरगुजा) जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मध्यम से भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।

20 जिलों में येलो अलर्ट

धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बेमेतरा, कबीरधाम, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, कोरबा, कोरिया, पेंड्रा, मुंगेली, जशपुर, बलरामपुर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बीते 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों में बिलासपुर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक रायगढ़ में 13 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा पेंड्रा में 12 सेमी, पुसौर और तमनार में 10-10 सेमी, जबकि बरपाली में 9 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

तापमान में भी आई गिरावट

प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड और राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।

क्यों सक्रिय है मानसून?

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ऊपर मानसूनी द्रोणिका, ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण तथा बंगाल की खाड़ी से लगातार मिल रही नमी के कारण बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। यही सिस्टम अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में वर्षा कराएंगे।

रायपुर का मौसम

22 जुलाई को रायपुर में दिनभर आसमान मेघमय रहने और बीच-बीच में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों से दूर रहने तथा आवश्यकता होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।