राम नगर में कटर की धार पर मोबाइल और रूपये लूटे, देर रात ड्यूटी से लौट रहा था युवक
भिलाई नगर, 4 जनवरी। बीती रात ड्यूटी से लौट रहे युवक का रामनगर में रास्ता रोक दो आरोपियों ने मारपीट कर उससे मोबाइल और रूपये छीन लिए। रिपोर्ट पर वैशाली नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।
पुलिस ने बताया कि 27 वर्षीय विजय चंद्राकर पिता रोहित चंद्राकर निवासी राम नगर मुक्तिधाम रात्रि लगभग साढ़े 11 बजे बाइक से डयुटी कर घर आ रहा था तभी राम नगर देवांगन पान ठेला के पास आरोपी धनेश निषाद और बिल्ला ने रास्ता रोक उससे रूपये मांगे। विजय के मना करने पर विवाद करते हुए बिल्ला ने कमर से धारदार कटर निकाला और उसके गले पर टिका दिया। धनेश ने विजय की जेब से मोबाइल और एक हजार रूपये निकाल लिए। मारपीट कर दोनों घटनास्थल से फरार हो गए हैं। विजय की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 397 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

