भिलाई नगर, 4 अप्रैल। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉक्टर चरण दास महंत द्वारा भरी सभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए अपशब्द कहे जाने से पूरे छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव की तपिश तेज हो चली है। महंत के पीएम मोदी के लिए लाठी मारने और सिर फोड़ने जैसे बेतुके बयान की कड़ी निन्दा करते हुए वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि मोदीजी को कांग्रेसियों ने जितनी बार अपशब्द कहे हैं चुनाव परिणाम में पूरी कांग्रेस को मुंह के बल पटखनी मिली है। इनके बेतुके बयान से जन जन के ह्रदय में बसने वाले नरेंद्र मोदीजी की ख्याति और उन पर विश्वास और भी गहरा हुआ है। चरण दास महंत को श्री सेन ने चुनौति देते हुए कहा कि लाठी मारने की ओछी हरकत कर अपना बड़प्पन दिखाना ही है तो आप रिकेश सेन को लाठी मार लीजिए क्योंकि मोदीजी तक पहुंचना आप जैसे नेताओं के बस की बात ही नहीं है।
उधर दूसरी तरफ मोदीजी पर बेतुकी टिप्पणी से पूर्व मुख्यमंत्री स्व कर्पूरी ठाकुर के छ: दशक के बाद नाई समाज से विधायक बने रिंकेश सेन के आह्वान पर प्रदेश भर के नाई समाज प्रमुखों ने कांग्रेसी नेता चरणदास महंत की दाढ़ी बनाने और बाल काटने से इंकार कर दिया है। अब देखना यह है कि डाक्टर चरणदास अपने इस बयान पर नाई समाज और मोदीजी से सार्वजनिक माफी मांगते हैं या बाल-दाढी़ बढा़ कर नाई समाज के बहिष्कारी बने रहना चाहते हैं।

