🛑2018 में युवाओं को BSP में नौकरी का झूठा सपना दिखाया, अब हार के डर से अडानी के नाम पर भिलाईवासियों को डरा रहे हैं विधायक।
🛑राजस्थान में अडानी को बिजली प्रोजेक्ट, छत्तीसगढ़ में हसदेव की कटाई और भिलाई ACC का टेकओवर कांग्रेस राज में हुआ, तब विधायक चुप क्यों थे?
भिलाईनगर, 18 अक्टूबर 2026। भाजपा नेता एवं श्रीराम जन्मोत्सव समिति युवा विंग के अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने भिलाई विधायक देवेंद्र यादव पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि वे कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व की तर्ज पर स्थानीय स्तर पर भी लगातार झूठ, भ्रम और भय की राजनीति कर रहे हैं। मनीष पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी पूरे देश में चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) को लेकर अनर्गल प्रलाप और भ्रम फैलाने में लगे हुए हैं। उन्हीं के नक्शेकदम पर चलते हुए भिलाई विधायक भी सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए भ्रम का जाल बुन रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि भिलाई में SIR प्रक्रिया के तहत कटे 40 हजार नामों को लेकर जब कांग्रेस के अधिकृत बीएलए-2 (BLA-2) ने स्थानीय निर्वाचन अधिकारियों (RO) के समक्ष आपत्तियां दर्ज कराई थीं और प्रशासन ने नियमानुसार सबकी सुनवाई की, तो फिर सब कुछ सही होने के बावजूद दिल्ली जाकर राहुल गांधी के साथ धरने-प्रदर्शन का ड्रामा करने का क्या औचित्य था?
श्री पाण्डेय ने आगे कहा कि आगामी भिलाई नगर निगम चुनाव को देखते हुए विधायक एक बार फिर जनता को गुमराह करने की साजिश रच रहे हैं। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में भिलाई के युवाओं को बीएसपी में सीधी नौकरी दिलाने का वादा किया गया था, जो पूरी तरह जुमला साबित हुआ। अब अपनी विफलताएं छिपाने के लिए वे जनता में यह भ्रामक डर फैला रहे हैं कि भिलाई स्टील प्लांट (BSP) को अडानी को बेचा जा रहा है। विधायक के दोहरे चरित्र को बेनकाब करते हुए मनीष पाण्डेय ने पूछा कि 2021-22 में राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने अडानी समूह को बिजली प्रोजेक्ट सौंपे, छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार ने हसदेव अरण्य के जंगलों की कटाई की मंजूरी दी और भिलाई स्थित एसीसी सीमेंट का अडानी द्वारा अधिग्रहण हुआ, तब विधायक देवेंद्र यादव ने अपनी जान की बाजी क्यों नहीं लगाई? तब विरोध की आवाज क्यों नहीं उठाई? आज चुनाव नजदीक आते ही निजीकरण के नाम पर बीएसपी कर्मियों व नागरिकों को भयभीत करने का प्रयास किया जा रहा है। श्री पाण्डेय ने भिलाई की जागरूक जनता से अपील की है कि वे कांग्रेस विधायक के इस भ्रामक और झूठे प्रोपेगैंडा से सतर्क रहें और सच्चाई का साथ दें।

