भिलाई इस्पात संयंत्र के पावर प्लांट में भीषण आग, अफरा-तफरी का माहौल

भिलाई इस्पात संयंत्र के पावर प्लांट में भीषण आग, अफरा-तफरी का माहौल



भिलाईनगर, 07 अप्रैल 2026। भिलाई इस्पात संयंत्र के पावर प्लांट पीबीएस-2 के टरबाइन में मंगलवार सुबह करीब 10:00 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। जान बचाने के लिए कर्मचारी इधर-उधर भागते नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए घटनास्थल के सभी एप्रोच मार्गों पर आवागमन बंद कर दिया है।


बताया जा रहा है कि आग टरबाइन सेक्शन में लगी, जिससे आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल गया। फिलहाल आग बुझाने का कार्य जारी है और किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन और संयंत्र प्रबंधन की टीम भी मौके पर मौजूद है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।