भिलाई नगर 12 जून । भिलाई इस्पात संयंत्र के जल प्रबंधन विभाग के पंप हाउस क्रमांक -2 में गैस रिसाव होने से आज ही के दिन 12 जून 2014 को उप महाप्रबंधक स्तर के दो अधिकारियों समेत छह लोगों की शहीद हो गए थे। आज वाटर पंप हाउस में प्रबंधन एवं यूनियन द्वारा संयुक्त रूप से शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उपस्थित जनों ने 2 मिनट का मौन भी रखते हुए शहीदों को नमन किया। जल प्रबंधन विभाग के द्वारा सुबह 10:00 बजे इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें प्रबंधन एवं यूनियन के प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक जितेंद्र पाल सिंह ने उपस्थित जनों को सुरक्षा के प्रति सदैव सतर्क रहने का संदेश देते हुए कहा कि सुरक्षा के लिए निर्धारित सभी नियमों का पालन किया जाना चाहिए। ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो। सभी को सुरक्षा के दायित्व के प्रति सजग रहना चाहिए।
श्रद्धांजलि देने वालों में मुख्य महाप्रबंधक, जितेंद्र पाल सिंह, जल प्रबंधन विभाग प्रमुख ए बनर्जी हिंदुस्तान स्टील एम्पलाइज यूनियन सीटू के महासचिव जगन्नाथ त्रिवेदी, उपाध्यक्ष डीवीएस रेड्डी, सचिव अजय सोनी, भिलाई वर्कर्स यूनियन से शिव बहादुर सिंह, डिलेश्वर राव तामड़ा एवं जल प्रबंधन विभाग के अन्य अधिकारी व यूनियन की ओर से अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रत्येक शाहिद के नाम लगे वृक्ष में किए जाते हैं पुष्प अर्पित
आज से 11 वर्ष पूर्व हुए इस हादसे में दो अप महाप्रबंधकों में एन के कटारिया, बीके सिंह, चार्जमैन ए सैमुअल सीनियर ऑपरेटर वाय आर साहू, फायरमैन राजेश शर्मा एवं ठेका श्रमिक विकास वर्मा शहीद हुए थे। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए विभाग में ही सभी शहीदों के नाम पर पौधारोपण किया गया था। लगाए गए अशोक के पौधे आज वृक्ष का रूप ले चुके हैं। प्रतिवर्ष सभी शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए इन वर्षों में पुष्प अर्पित किए जाते हैं।
12 जून 2014 को हुआ था हादस
आपको बता दें कि आज ही के दिन 2014 में शाम के लगभग 5 बजे जल प्रबंधन विभाग के पम्प हाउस क्र.2 में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस रिसाव में 35 लोग प्रभावित हुए थे, जिनमें से 6 लोगों की जान चली गई ।
जल प्रबंधन विभाग के चार्ज मेन ए.सैमुअल, तथा विजय वर्मा (ठेका श्रमिक) सुधार कार्य करते हुए, जल प्रबंधन विभाग के ही उप महाप्रबंधक द्वय बी.के. सिंह एवं एन.के.कटारिया कार्य का निरीक्षण करते हुए, गैस रिसाव के प्रभाव में आ गए थे तथा अग्नि शमन विभाग के ए.एफ.ओ. द्वय रमेश शर्मा एवं वाई.आर.साहू गैस प्रभावितों को बचाने के प्रयास में शहीद हो गए थे।

