कांकेर में मलेरिया का कहर: 2 मासूम विद्यार्थियों की मौत, हॉस्टल में 11 संक्रमित मिले

कांकेर में मलेरिया का कहर: 2 मासूम विद्यार्थियों की मौत, हॉस्टल में 11 संक्रमित मिले


🔴 स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने निर्देश

सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 27 जुलाई2026। कांकेर जिले में मलेरिया का कहर फिर देखने मिल रहा है। दो दिनों के भीतर मलेरिया से 9 वर्षीय दो विद्यार्थियों की मौत हो गई, वहीं मर्दापोटी और इरादाह छात्रावास में जांच के दौरान 11 छात्रों के मलेरिया पॉजिटिव मिलने के बाद जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी छात्रावासों में तत्काल स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं।

मलेरिया से मृत दोनों बच्चों की उम्र करीब 9 वर्ष बताई जा रही है। इनमें एक छात्र मर्दापोटी छात्रावास में रहकर चौथी कक्षा में पढ़ाई करता था, जबकि दूसरी बच्ची डोमाहर्रा की रहने वाली थी।

जानकारी के अनुसार डोमाहर्रा निवासी तीन सगी बहनों को तेज बुखार की शिकायत के बाद जिला अस्पताल लाया गया था। इलाज के दौरान 9 वर्षीय करीना विश्वकर्मा की 25 जुलाई को मौत हो गई। वहीं, उसकी दो बहनों का उपचार जारी है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र में मलेरिया की जांच शुरू की।

इधर, मर्दापोटी छात्रावास में कुछ छात्रों द्वारा सिरदर्द और तबीयत खराब होने की शिकायत के बाद स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। शुरुआती जांच में चार छात्र मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। इनमें 9 वर्षीय छात्र सुभाष कुमेटी की तबीयत अधिक बिगडने पर उसके परिजन उसे अपने साथ ले गए थे। रविवार सुबह हालत गंभीर होने पर परिजन उसे उपचार के लिए कांकेर लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी मौत हो गई।

दो बच्चों की मौत और छात्रावासों में मलेरिया के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। जांच अभियान तेज किया गया तो मर्दापोटी और इरादाह छात्रावास में कुल 11 छात्रों के मलेरिया पॉजिटिव होने की जानकारी सामने आई।

तीन साल बाद छात्रावासों में मलेरिया की दस्तक बताया जा रहा है कि पिछले करीब तीन वर्षों में जिले के छात्रावासों में मलेरिया के मामले सामने नहीं आए थे। इस साल छात्रावासों में मलेरिया से बचाव के लिए मच्छर नियंत्रण और दवा छिड़काव की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप है कि इस वर्ष कई स्थानों पर मलेरिया विभाग द्वारा समय पर छिड़काव नहीं कराया गया।

आरोप है कि इस वर्ष कई स्थानों पर मलेरिया विभाग द्वारा समय पर छिड़काव नहीं कराया गया।

ऐसे में अब दो मासूमों की मौत और 11 छात्रों के संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और आदिम जाति कल्याण विभाग की तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग की जानकारी के अनुसार मलेरिया के नए मामलों में तेज सिरदर्द के बाद संक्रमण की पुष्टि हो रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलर्ट हैं और सभी छात्रावासों में स्वास्थ्य जांच के लिए कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं।