भिलाईनगर, 07 जुलाई 2026। दुर्ग पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सुपेला थाना क्षेत्र में तीन युवकों को प्रतिबंधित अल्प्राजोलम (Alprazolam) की 840 नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बिक्री की नकदी, चार मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
सुपेला पुलिस को सूचना मिली थी कि नेहरू नगर चौक फ्लाईओवर के नीचे राम रसोई के पास तीन युवक नशीली गोलियां बेच रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
840 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद
तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी अमन खान उर्फ अमन रक्सेल के बैग से 56 स्ट्रिप में कुल 840 अल्प्राजोलम 0.5 एमजी टैबलेट बरामद हुई। ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में जांच और तौल कराने पर इनका कुल वजन 117.6 ग्राम पाया गया।
नकदी और चार मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
▪️840 अल्प्राजोलम टैबलेट
▪️नशीली दवा की बिक्री से प्राप्त ₹1,600 नकद
▪️4 मोबाइल फोन बरामद किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹31,792 बताई गई है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
▪️अमन खान उर्फ अमन रक्सेल (23), निवासी कातुलबोर्ड/खुर्सीपार, दुर्ग।
▪️अमर साहू (24), निवासी सिकोला भाटा, दुर्ग।
▪️पंकज उर्फ भक्का विश्वकर्मा (21), निवासी कातुलबोर्ड, दुर्ग।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सुपेला पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 952/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 22 एवं 27(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को इतनी बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं कहां से मिलीं और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।

