🔴शिव मंदिर के पास दबिश, संगठित गिरोह पकड़ा गया
भिलाईनगर, 01 मई 2026। दुर्ग पुलिस ने “ऑपरेशन विश्वास” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा (हेरोइन) के अवैध कारोबार में लिप्त संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने सेक्टर-3 स्थित शिव मंदिर के पास घेराबंदी कर 5 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया।
21 ग्राम चिट्टा, नगदी और मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21.18 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), ₹65,000 नगद और 6 मोबाइल फोन सहित कुल 3,84,400 रुपये का मशरूका जब्त किया है। साथ ही एल्युमिनियम फॉइल, जले हुए नोट और लाइटर भी बरामद किए गए।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपियों के खिलाफ थाना भिलाई भट्ठी में अपराध क्रमांक 57/2026 के तहत धारा 8 और 21 NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने हरजिंदर सिंह (23), मोन्टी अरोरा (32), सूरज कुमार लोहार (31), नवजोत सिंह (26) और ईशा कौर (23) को गिरफ्तार किया है।
नशे के खिलाफ लगातार अभियान
पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से नशीले पदार्थों का संग्रहण और विक्रय कर रहे थे। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों के खिलाफ जागरूक रहें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।

