भिलाई में साइबर ठगी में इस्तेमाल 26 म्यूल बैंक खातों पर बड़ी कार्रवाई

भिलाई में साइबर ठगी में इस्तेमाल 26 म्यूल बैंक खातों पर बड़ी कार्रवाई


🔴भिलाई नगर पुलिस ने सभी खाताधारकों को किया गिरफ्तार

भिलाईनगर, 28 जुलाई 2026। साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल (लेयर-1) बैंक खातों के खिलाफ भिलाई नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक और इंटरनेट बैंकिंग सुविधाएं साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराई थीं, जिनका उपयोग ठगी की रकम प्राप्त करने, ट्रांसफर करने और निकालने में किया गया।

पुलिस मुख्यालय तकनीकी सेवा (साइबर) के निर्देश पर थाना भिलाई नगर पुलिस ने पंजाब नेशनल बैंक के ऐसे खातों की जांच की, जिनका उपयोग साइबर ठगी से जुड़े मामलों में हुआ था। जांच में सामने आया कि वर्ष 2024 से 2026 के बीच इन खातों में ठगी की रकम जमा हुई और बाद में अन्य खातों में ट्रांसफर या नकद निकासी की गई।

प्रारंभिक जांच में खाताधारकों की भूमिका मिलने पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 388/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2), 318(3), 318(4) एवं 3(5) के तहत सभी 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब डिजिटल और बैंकिंग साक्ष्यों के आधार पर साइबर ठगी के मास्टरमाइंड और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. शंकर चौधरी (50), संत रविदास नगर, पावर हाउस
  2. कार्तिये साहू (24), सेक्टर-6, भिलाई
  3. रूपेश कुमार देवांगन (20), सेक्टर-4, भिलाई
  4. अनील कुमार शर्मा (58), न्यू हाउसिंग बोर्ड, जामुल
  5. कमल दास मानिकपुरी (33), शारदा पारा, कैम्प-2
  6. पुरुषोत्तम भारती (25), लक्ष्मी नगर, सुपेला
  7. राकेश कुमार निर्मलकर (33), ग्राम बोरी, रानीतराई
  8. राहुल मेश्राम (25), नेहरू नगर, सुपेला
  9. हिमांशु यादव (23), गोवर्धन चौक, नेवई
  10. अरविंद पासवान (20), कैलाश नगर, मोहन नगर
  11. आदित्य कुमार वर्मा (23), कोहका, स्मृति नगर
  12. शैलेन्द्र विश्वकर्मा (24), गंजपारा, दुर्ग
  13. मोहम्मद कमाल (28), सुपेला पांच रास्ता
  14. महेन्द्र कुमार साहू (26), ग्राम डुमरडीह, उतई
  15. दुर्गा प्रसाद ठाकुर (27), इंदिरा नगर, उतई
  16. सचिन मेश्राम (44), बाम्बे आवास, उरला
  17. नारायण देवांगन (27), मीनाक्षी नगर, बोरसी रोड
  18. आशुतोष मिश्रा (24), सर्कुलर मार्केट, कैम्प-2
  19. अभिषेक कुमार वर्मा (25), गांधी चौक, कैम्प-2
  20. जितेन्द्र हरिश कुमार (24), सेक्टर-11, खुर्सीपार
  21. प्रभावती हरिजन (50), मिलन चौक, छावनी
  22. गीता लाजेवार (45), पंजाबी मोहल्ला, खुर्सीपार
  23. सतविंदर कौर (30), ढांचा भवन, जामुल
  24. श्रुति वर्मा (28), ग्राम मेहकाखुर्द, पाटन
  25. प्रेमशीला चौधरी (27), कबीर मंदिर के पास, खुर्सीपार
  26. अंकिता बंजारे (22), शंकर नगर, छावनी।

पुलिस ने आरोपियों से बैंक खातों का विवरण, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक, ओटीपी या इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी उपलब्ध न कराएं। किसी अन्य के कहने पर अपने खाते से लेन-देन करना भी अपराध की श्रेणी में आ सकता है। साइबर ठगी की शिकायत होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस थाने में संपर्क करें।