दुर्ग में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई : पापुशा गैसेस प्राइवेट लिमिटेड पर छापा

दुर्ग में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई : पापुशा गैसेस प्राइवेट लिमिटेड पर छापा


🔴599 गैस सिलेंडर और 2841 किलो एलपीजी जब्त

दुर्ग, 19 मार्च। जिले में घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम रसमड़ा स्थित बोरई इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर में छापा मारकर 599 गैस सिलेंडर और 2841 किलोग्राम एलपीजी जब्त किया गया।


खाद्य विभाग की टीम ने Papusha Gases Private Limited में आकस्मिक जांच की, जहां अनियमितताएं पाई गईं। जांच के दौरान यह सामने आया कि कंपनी द्वारा समानांतर विपणन प्रणाली के तहत गैस सिलेंडरों की सप्लाई की जा रही थी।

अधिकारियों के अनुसार, उक्त केंद्र में Confidence Petroleum India Limited के दो ब्रांड—गो गैस और गैस प्वाइंट—के सिलेंडर डीलरों के माध्यम से वितरित किए जा रहे थे। मौके पर 599 सिलेंडर और रिफिलिंग के लिए 3 बुलेट टैंक में कुल 2841 किलोग्राम एलपीजी भंडारित मिला।

दस्तावेजों में भारी गड़बड़ी

जांच के दौरान सिलेंडरों पर पेंटिंग, नेट वेट, टेयर वेट और एक्सपायरी अंकित करने का कार्य चल रहा था, लेकिन संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक स्टॉक में भी अंतर पाया गया।
इसके अलावा, एक डीलर “अतुल रबर” को सप्लाई किए जाने की जानकारी तो दी गई, लेकिन उससे संबंधित कोई वैध दस्तावेज या अनुबंध प्रस्तुत नहीं किया गया।

नियमों का उल्लंघन

जांच में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के कई प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया, जिसमें बिना अनुमति एलपीजी का व्यापार, स्टॉक और कीमत प्रदर्शित नहीं करना, रजिस्टर का सही संधारण नहीं करना और रेटिंग प्रमाण पत्र प्रस्तुत न करना शामिल है।
इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए खाद्य विभाग ने 599 गैस सिलेंडर और 2841 किलोग्राम एलपीजी जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

अधिकारियों की सख्ती जारी

खाद्य नियंत्रक अनुराग भदौरिया ने बताया कि जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।