🔴पंजाब से मंगाकर भिलाई-दुर्ग में बेचते थे ‘चिट्टा’,
भिलाईनगर, 31 जुलाई 2026। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से हेरोइन (चिट्टा) मंगाकर भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में सप्लाई करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सुपेला थाना अंतर्गत चौकी स्मृति नगर पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 6 मोबाइल फोन और नशा सेवन में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुरमीत सिंह रंधावा पंजाब से हेरोइन लाकर अपने साथियों के माध्यम से भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में बेचता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जुनवानी स्थित शंकराचार्य अस्पताल के पीछे योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर कार्रवाई की और छह आरोपियों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से लगभग 18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), छह मोबाइल फोन और नशा सेवन में प्रयुक्त सामग्री बरामद हुई। इसके बाद थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1091/2026 के तहत धारा 21(ख), 27 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह रंधावा ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब से करीब 3,000 रुपये प्रति ग्राम की दर से हेरोइन खरीदकर लाता था और अपने साथियों के जरिए भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में 6,000 रुपये प्रति ग्राम तक बेचता था। गिरोह मुख्य रूप से युवाओं और नशे के आदी लोगों को छोटी-छोटी पुड़ियों में हेरोइन बेचकर अवैध कमाई करता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह संगठित तरीके से मादक पदार्थों के परिवहन, भंडारण और बिक्री का नेटवर्क संचालित कर रहा था। आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर सप्लायर, ग्राहकों, वित्तीय लेन-देन और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
- गुरमीत सिंह रंधावा (26), निवासी विवेकानंद नगर, स्मृति नगर
- गगनदीप सिंह (29), निवासी हाउसिंग बोर्ड, जामुल
- शुभम कुमार बैस (29), निवासी हाउसिंग बोर्ड, जामुल
- जी. विनित (30), निवासी सेक्टर-4, भिलाई
- उत्तम सिंह उर्फ बॉबी (28), निवासी कैंप-2, छावनी
- अब्दुल कादिर (34), निवासी प्रगति नगर, जामुल
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री या सेवन से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस या कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

