🔴बाइक सहित लाखों की सामग्री जब्त
दुर्ग, 16 अप्रैल 2026। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में दुर्ग पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से देशी मदिरा और मोटरसाइकिल सहित कुल 1,03,400 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 14 और 15 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई में बीएसपी मेनगेट अहिवारा रोड के पास एक आरोपी को 42 पौवा देशी शराब के साथ पकड़ा गया। दूसरी कार्रवाई पथरिया रोड स्थित ग्राम पाटिया तिराहा में की गई, जहां दो आरोपियों के पास से 60 पौवा शराब बरामद की गई। तीसरी कार्रवाई में अन्य दो आरोपियों को 32 पौवा देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
इस तरह कुल 134 पौवा देशी मदिरा और 3 मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 117/2026, 118/2026 और 119/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी:
मुंशी राम पारधी (50), राजेंद्र पाल (45), संदीप वर्मा (27), देवा बांधे (51) और जागेश्वर गायकवाड (22)।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से शराब का परिवहन और बिक्री कर रहे थे।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना नंदिनी नगर पुलिस टीम की त्वरित और सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के परिवहन या बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाया जा सके।

