CG में ACB की बड़ी कार्रवाई : 20 हजार की रिश्वत लेते ASI रंगे हाथ गिरफ्तार

CG में ACB की बड़ी कार्रवाई : 20 हजार की रिश्वत लेते ASI रंगे हाथ गिरफ्तार


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 11 मई 2026। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो बिलासपुर की टीम ने सक्ती जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना चंद्रपुर में सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बालपुर, थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती जिला निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी कार्यालय बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि ग्राम बालपुर की सरस्वती जायसवाल द्वारा उसके और उसके परिवार के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट थाना चंद्रपुर में दर्ज कराई गई थी। मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के एवज में एएसआई एस.एन. मिश्रा द्वारा 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी पहले ही 20 हजार रुपये की एक किश्त ले चुका था, जबकि शेष 20 हजार रुपये लेना बाकी था। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना तैयार की।
शनिवार 10 मई 2026 को शिकायतकर्ता ने आरोपी को गुड्डू ढाबा बुलाया। यहां जैसे ही आरोपी ने दूसरी किश्त के रूप में 20 हजार रुपये लिए, एसीबी बिलासपुर की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया और रिश्वत की रकम बरामद कर ली।

एसीबी सूत्रों के अनुसार आरोपी के खिलाफ लगातार रिश्वतखोरी की शिकायतें मुखबिरों के माध्यम से भी मिल रही थीं। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी विभाग का लोकसेवक यदि रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दें।