🔴रायपुर का था रहने वाला, सेलुद पाटन आया था मैच खेलने
दुर्ग, 12 सितंबर 2026। पाटन ब्लॉक के सेलूद भाठापारा स्थित तंदुला नहर में शनिवार सुबह करीब 10 बजे बड़ा हादसा हो गया। रायपुर के गुढ़ियारी से सेलूद में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए 13 वर्षीय खिलाड़ी शुभम यादव नहर के तेज बहाव में बह गए। हादसे के बाद एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमों द्वारा तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रतियोगिता स्थल के पास तंदुला नहर की ओर शुभम शौच के लिए गए थे। इसके बाद नहर के किनारे हाथ-पैर धोते समय काई और ढलान के कारण उनका पैर फिसल गया। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सके और गहरे पानी में चले गए।
साथियों ने बचाने का किया प्रयास
शुभम को पानी में बहता देख किनारे मौजूद साथी खिलाड़ियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहर की तेज धार के कारण वे सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते शुभम पानी में ओझल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सेलूद के सरपंच खिलेश मार्कंडेय मौके पर पहुंचे और उतई पुलिस सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
एसडीआरएफ दुर्ग के धनीराम यादव के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद टीम को तलाश अभियान के लिए लगाया गया है। हादसे के बाद कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों में भी चिंता और शोक का माहौल है।

