सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 4 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र स्थित कुकरी पारा में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर सोलर पैनल लगाने के दौरान हाई टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो तकनीशियनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार कुकरी पारा स्थित सर्वोदय स्कूल के पास एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का कार्य चल रहा था। मकान के समीप से हाई टेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। काम के दौरान तकनीशियनों के हाथ में मौजूद सोलर पैनल बिजली के तार के संपर्क में आ गए, जिससे पूरे पैनल में करंट फैल गया और दोनों तकनीशियन उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक तकनीशियनों से बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के काम कराया जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25 वर्ष) और आशीष चंद्राकर (19 वर्ष) के रूप में की है।
सुरक्षा मानकों की जांच शुरू
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और हादसे में सुरक्षित बचे तीसरे मजदूर से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।

