CG वेदांता पावर प्लांट में बड़ा हादसा : बॉयलर ट्यूब फटने से 3 मजदूरों की मौत

CG वेदांता पावर प्लांट में बड़ा हादसा : बॉयलर ट्यूब फटने से 3 मजदूरों की मौत


सीजी न्यूज ऑनलाइन 14 अप्रैल 2026। जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। बॉयलर की ट्यूब फटने से हुए धमाके में 3 मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम ने तीन श्रमिकों की मौत की पुष्टि की है, जबकि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर रूप से घायल 8 मजदूरों को जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ और मजदूर प्लांट के अंदर फंसे हो सकते हैं, जिसके चलते सर्च ऑपरेशन जारी है।
घटना की पुष्टि करते हुए प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि बॉयलर ट्यूब फटने से यह हादसा हुआ है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।