🛑अमित शाह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक, छत्तीसगढ़-ओडिशा के हितों के अनुरूप जल प्रबंधन पर हुई चर्चा
सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 02 अक्टूबर 2026। महानदी के बेहतर जल प्रबंधन और छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के हितों के अनुरूप समाधान को लेकर नई दिल्ली में गुरुवार को उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल हुए।
बैठक में महानदी के जल के बेहतर प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने और दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान की दिशा में आगे बढ़ने पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महानदी केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के जनजीवन, कृषि और संस्कृति से जुड़ी जीवनदायिनी नदी है। उन्होंने कहा कि महानदी दोनों राज्यों के लिए जीवनधारा और समृद्धि का आधार है। बेहतर जल प्रबंधन के माध्यम से दोनों राज्यों में सिंचाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सकता है तथा नई परियोजनाओं के रास्ते खोले जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में दोनों राज्यों की सरकारें आपसी संवाद, सहयोग और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ समाधान की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि साझा प्रयासों से महानदी के जल का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करते हुए दोनों राज्यों के विकास और जनहित को आगे बढ़ाया जा सकता है।

