🔴कुछ और की गिरफ्तारी संभव
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 25 जुलाई। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में ईडी ने ईबीआईएक्स कंपनी के मालिक विकास गर्ग को 10 दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद शुक्रवार को पीएमएलए की विशेष अदालत में पेश किया, और 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। बताया गया कि विकास से पूछताछ में कई खुलासे हुए हैं।
सूत्रों के मुताबिक 10 दिन की पूछताछ के दौरान विकास गर्ग ने ईडी के समक्ष कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। जांच एजेंसी को महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के कथित संचालक सौरभचंद्राकर और रवि उप्पल से उसके घनिष्ठ संबंधों के साक्ष्य मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों तथा उनकी पत्नियों के बैंक खातों में धनराशि जमा कराई गई थी।
सूत्रों का दावा है कि ईडी को महादेव ऑनलाइन सट्टे से अर्जित कथित काली कमाई को विभिन्न माध्यमों से सफेद धन में बदलने के भी पुख्ता साक्ष्य मिले हैं। पूछताछ के दौरान सामने आए नामों के आधार पर कई लोगों को पीएमएलए की धारा 50 के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पूछताछ में हुए खुलासों के आधार पर ईडी आगे कुछ और गिरफ्तारियां भी कर सकती है।
इधर, विकास गर्ग को अदालत लाए जाने के दौरान उसके साथ मौजूद लोगों ने तौलिया से उसका चेहरा ढंककर मीडिया के कैमरों से बचाने का प्रयास किया। इस दौरान कोर्ट परिसर में मीडिया कर्मियों के साथ पर अभद्रता किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

