कल हुई लव मैरिज, अगले ही दिन कर ली खुदकुशी, पत्नी और उसके दो प्रेमियों के खिलाफ जुर्म दर्ज
प्रयागराज, 5 अप्रैल। लव मैरिज के दूसरे दिन एक युवक ने शहर के सोहबतिया बाग के पास ट्रेन के आगे कूद कर खुदकुशी कर ली। उससे मिले सुसाइड नोट में मौत के लिए पत्नी को जिम्मेदार बताया गया है इसलिए जार्ज टाउन पुलिस ने युवक की पत्नी और उसके दो प्रेमियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि कीडगंज में मलाकराज निवासी विजय केसरवानी के पुत्र शुभम (22 वर्ष) का दारागंज क्षेत्र की रहने वाली युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। कुछ समय पहले दोनों घर से भाग गए थे। दस दिन पहले शुभम अपनी प्रेमिका को लेकर घर आया और रहने लगा। रविवार को उसने अपनी प्रेमिका के साथ आर्य समाज मंदिर जाकर शादी कर ली। इसके बाद दोनों घर आ गए। सोमवार अलसुबह वह घर से निकला और सोहबतिया बाग के पास रेलवे लाइन पर जाकर ट्रेन के आगे कूद गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जार्ज टाउन पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और उसके जेब की तलाशी ली तो सुसाइड नोट के साथ ही उसका घर का पता भी मिल गया। खबर पाकर परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घरवालों से बातचीत की तो उन लोगों ने बताया कि शुभम ने अपनी मर्जी से शादी की थी। किसी का कोई विरोध नहीं था और सभी राजी भी थे लेकिन जब पुलिस ने सुसाइड नोट के बारे में घरवालों को बताया तो सभी हतप्रभ रह गए।
थाना प्रभारी जार्ज टाउन बृजेश सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट में शुभम ने लिखा था कि उसे और उसके पराजयों को उसकी पत्नी व उसके दो प्रेमी बदनाम कर रहे हैं। उसकी पत्नी के पूर्व के दो प्रेमी हैं, जिन्होंने उसे कई फोटो दिखाई है इसलिए वह जान दे रहा है। उसकी मौत की जिम्मेदार उसकी पत्नी और उसके दोनों प्रेमी हैं। सुसाइड नोट के आधार पर मृतक की पत्नी समेत तीन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। उनके पकड़े जाने के बाद ही पूरी बात स्पष्ट होगी।

