विशाखापट्टनम से पकड़ा गया रंजीत हत्या का मास्टर माइंड लोकेश, भिलाई लाया गया, आरोपी निखिल की तलाश जारी
भिलाई नगर, 22 जून। भिलाई के कैम्प-1 क्षेत्र में शनिवार की रात रंजीत सिंह की हुई हत्या के मामले में फरार आरोपी लोकेश पांडेय को विशाखापट्टनम के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। विदित हो कि इस मामले में 6 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं और लोगों में आरोपियों का खौफ कम करने के लिए पुलिस ने मंगलवार को उनका मुंह काला कर जुलूस भी निकाला था। अब पुलिस को आखिरी यानी 8वें आरोपी निखिल एंजल उर्फ चिकू की सरगर्मी से तलाश है।

फरार निखिल
दुर्ग एसपी डॉक्टर अभिषेक पल्लव ने बताया कि इस हत्याकांड का मास्टर माइंड लोकेश और अमन भारती थे। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अलग-अलग दिशाओं में भागे थे। लोकेश की फॉरच्यूनर कार से वारदात अंजाम देने के चलते आरोपियों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में पहचान लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रंजीत सिंह उनसे रंजिश रखता था। यह बात उसने अपने साथियों को बताई तो सभी ने लोकेश पांडेय की दुकान में बैठकर हत्या का षड़यंत्र रचा। इसके बाद सभी 19 जून की देर रात साईं नगर पहुंचे। वहां रंजीत सिंह (20 वर्ष) अपने दो दोस्तों शुभदीप और पीटर के साथ साईं मंदिर के पास बैठा था। आरोपियों ने बेसबॉल बैट, लात-घूंसों और चाकू से मारकर रंजीत की हत्या कर दी थी। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए कैंप-1 निवासी सोना उर्फ जोश अब्राहम, गणेश्वर उर्फ अमन भारती उर्फ टिम्पू, बिसेलाल भारती उर्फ छोटू, भूपेंद्र साहू, निखिल साहू, इंदिरा नगर, सुपेला निवासी पिंटू उर्फ प्रीतम सिंह का मंगलवार को जुलूस निकाला। छावनी क्षेत्र में पहुंचते ही लोगों ने आरोपियों के मुंह पर कालिख पोत दी। पुलिस ने आरोपियों से कान पकड़ कर उठक-बैठक कराई। इस दौरान आरोपी बोलते रहे कि अपराध करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है।
फरार लोकेश पांडेय की लोकेशन लगातार ट्रेस करते हुए जिला पुलिस टीम विशाखापट्टनम पहुंची और एक होटल में ठहरे लोकेश पांडेय को कल धरदबोचा। उसे लेकर टीम आज भिलाई लिकर पहुंच चुकी है। रात भर पुलिस रिमांड में रखने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस न्यायालय से लोकेश का पुलिस रिमांड मांगेगी ताकि पूछताछ की जा सके।

