🔴भिलाई में ऑडिट फर्म के कार्यालय पर छापा
भिलाईनगर, 01 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जांच को आगे बढ़ाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो ने लॉकडाउन के दौरान कथित रूप से अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल किए गए एक वाहन को जब्त किया है। साथ ही, शराब दुकानों के ऑडिट से जुड़े दस्तावेजों की जांच के लिए भिलाई स्थित ऑडिट फर्म पीएसएसी एंड एसोसिएट्स के कार्यालय में सर्च ऑपरेशन भी चलाया।
EOW/ACB के अनुसार, अपराध क्रमांक 04/2024 की विवेचना के दौरान यह जानकारी सामने आई कि मार्च-अप्रैल 2020 के लॉकडाउन के दौरान एम.वी. डिस्टलरीज से करीब 8,400 पेटी शराब का कथित अवैध परिवहन वाहन क्रमांक CG-04-MC-2593 के जरिए विभिन्न होटल और बार तक किया गया था। इसी आधार पर शुक्रवार को उक्त वाहन को जब्त कर लिया गया।
जांच एजेंसी का दावा है कि मामले में यह भी सामने आया है कि अवैध शराब परिवहन के लिए अन्य वाहनों का भी उपयोग किया गया था। इनमें से कुछ वाहन बेचे जा चुके हैं, जबकि कुछ का अन्य कार्यों में उपयोग किया जा रहा है। इन सभी वाहनों के स्वामित्व और उपयोग की अलग से जांच की जा रही है। ब्यूरो अब तक इस प्रकरण में 24 वाहनों की जब्ती कर चुका है।
इसी मामले की कड़ी में शराब दुकानों के ऑडिट से संबंधित दस्तावेज जुटाने के लिए भिलाई के मोती लाल नेहरू नगर (ईस्ट) स्थित पीएसएसी एंड एसोसिएट्स के कार्यालय में सर्च की कार्रवाई की गई। यह फर्म सीएसएमसीएल द्वारा नियुक्त नोडल एजेंसी थी, जो विभिन्न चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्मों की ऑडिट रिपोर्ट का संकलन करती थी।
सर्च के दौरान ऑडिट से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए गए हैं। EOW-ACB का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

