भिलाई में क्रिकेटर पर गिरी आकाशीय बिजली, 18 वर्षीय युवक की मौत

भिलाई में क्रिकेटर पर गिरी आकाशीय बिजली, 18 वर्षीय युवक की मौत


भिलाईनगर, 14 मई 2026। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरैना स्टोर पारा स्थित मैदान में क्रिकेट खेल रहे एक युवक की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद मैदान में अफरा-तफरी मच गई। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुरानी भिलाई थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज ने बताया कि घटना बुधवार शाम करीब 5:20 बजे की है। पुरैना स्टोर पारा मैदान में कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और हल्की बारिश के साथ तेज गर्जना शुरू हो गई। खिलाड़ी मैदान छोड़कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली सीधे 18 वर्षीय शक्ति बिसोंई पिता संतोष बिसोंई के सीने के पास गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसके साथियों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी और उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।